जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक, डीएम ने दिए सटीक डेटा जुटाने के निर्देश
40 सवालों की प्रश्नावली पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण, स्व-गणना के लिए लोगों को किया जाएगा जागरूक

जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक, डीएम ने दिए सटीक डेटा जुटाने के निर्देश

40 सवालों की प्रश्नावली पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण, स्व-गणना के लिए लोगों को किया जाएगा जागरूक
फिरोजाबाद, 14 सितंबर। जनगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष, सटीक और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के उद्देश्य से सोमवार को विकास भवन सभागार में समीक्षा एवं प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने की। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल भी मौजूद रहीं।
बैठक में जिलाधिकारी ने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना से जुड़े दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन करने तथा आंकड़ों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना में जुटाए जाने वाले आंकड़े पूरी तरह सही और त्रुटिरहित होने चाहिए, ताकि भविष्य की योजनाओं के लिए इनका बेहतर उपयोग किया जा सके।
जनगणना के लिए तैयार की गई प्रश्नावली में कुल 40 प्रश्न शामिल हैं। इनमें परिवार की मूलभूत जानकारी के साथ जनसांख्यिकीय, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विशेषताएं, धर्म, जाति श्रेणी, भाषा, शिक्षा, आर्थिक गतिविधियां, प्रवास, प्रजननता, पहचान और अन्य जरूरी विवरण शामिल हैं। जिलाधिकारी ने इन प्रश्नों को सही तरीके से दर्ज कराने के लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रभावी प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।

स्व-गणना के लिए लोगों को किया जाएगा जागरूक
बैठक में नागरिकों को अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने के लिए प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि स्व-गणना से प्रगणकों का कार्य आसान होगा और आंकड़ों की सटीकता एवं विश्वसनीयता भी बढ़ेगी।
स्व-गणना के प्रचार-प्रसार के लिए ब्लॉक स्तर के अधिकारियों के साथ शिक्षा विभाग, आईसीडीएस, स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग और अन्य विकास विभागों का सहयोग लिया जाएगा। इसके अलावा सोशल मीडिया और स्थानीय प्रभावशाली लोगों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।

फील्ड डेटा की जांच के दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने पर्यवेक्षकों और चार्ज अधिकारियों को निर्धारित प्रतिशत के अनुसार फील्ड में जुटाए गए आंकड़ों की अनिवार्य रूप से जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने मकानों के प्रकार, शिक्षा और आयु संबंधी विवरणों में किसी भी तरह की विसंगति से बचने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
जनगणना का यह महत्वपूर्ण चरण 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक संचालित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण की गुणवत्ता जांचने के लिए डिजिटल माध्यमों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। क्यूआर कोड और ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी के माध्यम से प्रशिक्षण का मूल्यांकन होगा। कमजोर प्रदर्शन करने वाले प्रगणकों के लिए दोबारा प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
जनगणना कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को राष्ट्रपति पुरस्कार सहित अन्य प्रशस्ति पत्रों से सम्मानित किया जाएगा।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल ने कहा कि सटीक जनगणना आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे। इससे मतदाता सूची, लिंगानुपात और अन्य जनसांख्यिकीय आंकड़ों को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।
बैठक में बेसिक शिक्षा अधिकारी, सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे। जनगणना निदेशालय के अजीत सिंह, जिला प्रभारी जनगणना 2027 ने अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया।
जिला सूचना अधिकारी, फिरोजाबाद।




