
अमरोहा: ई-रिक्शा चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद
अमरोहा पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। थाना मंडी धनौरा पुलिस की इस कार्रवाई में चोरी की तीन ई-रिक्शा, एक ईको कार, 12 बैटरियां और कई अन्य पुर्जे बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। टीम ने 5 अप्रैल को रामगंगा पोषक नहर की पटरी के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह सुनसान इलाकों में खड़े ई-रिक्शा की पहले रेकी करता था, फिर मौका मिलते ही चोरी कर लेता था।
चोरी के बाद आरोपी ई-रिक्शा के पार्ट्स अलग-अलग कर देते थे और उन्हें कबाड़ियों के जरिए बेच देते थे। गिरोह का एक सदस्य अमरोहा में कबाड़ी की दुकान चलाता था, जहां चोरी का माल आसानी से खपाया जाता था। पहचान छिपाने के लिए आरोपी नंबर प्लेट तोड़ देते थे और चेसिस नंबर तक मिटा देते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों में नईम (29) और नाजिर (45) निवासी बिजनौर तथा पिंटू (35) निवासी अमरोहा शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों के खिलाफ पहले से भी चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक कनेक्शन खंगाल रही है।
इस मामले में थाना मंडी धनौरा और नौगांवा सादात थानों में दर्ज कई मुकदमों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने टीम को 15 हजार रुपये का नकद इनाम देकर प्रोत्साहित किया है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।




