दिशा की बैठक में सांसद अक्षय यादव ने उठाए जनहित के मुद्दे, किसानों से लेकर बिजली-पानी तक दिए निर्देश
70 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने, जर्जर बिजली तार बदलने और बंद पड़ी पानी की टंकियां चालू कराने पर जोर

दिशा की बैठक में सांसद अक्षय यादव ने उठाए जनहित के मुद्दे, किसानों से लेकर बिजली-पानी तक दिए निर्देश
70 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने, जर्जर बिजली तार बदलने और बंद पड़ी पानी की टंकियां चालू कराने पर जोर
फिरोजाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद अक्षय यादव की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।
कृषि विभाग ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के करीब 2 लाख 75 हजार किसानों को अब तक 23 किस्तों में 756.66 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से दिए जा चुके हैं। सांसद और जनप्रतिनिधियों ने योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक शत-प्रतिशत पहुंचाने पर जोर दिया।

बैठक में हाथवंत के डार्क जोन क्षेत्रों में ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई को बढ़ावा देने, जल संरक्षण के लिए चैकडैम बनवाने तथा तालाबों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की कमी दूर करने और 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

जल जीवन मिशन की समीक्षा में पुरानी पानी की टंकियों के पुनर्निर्माण और पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। जसराना विधायक सचिन यादव ने गैरकार्यशील पानी की टंकियों को तत्काल चालू कराने का मुद्दा उठाया।
बिजली व्यवस्था को लेकर जर्जर तारों को बदलने, कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने और जसराना-सिरसागंज क्षेत्र के लंबित विद्युतीकरण कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
सांसद अक्षय यादव ने नारखी में सांसद निधि से प्रस्तावित अंबेडकर पार्क का निर्माण शीघ्र शुरू कराने, खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ लगातार छापेमारी करने तथा बरसात के मौसम में संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए दवाओं का छिड़काव कराने पर भी जोर दिया।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों और सुझावों का स्वागत करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और उनके अनुपालन का भरोसा दिलाया।




