शिकोहाबाद में संपूर्ण समाधान दिवस में 97 शिकायतें पहुंचीं, 12 का मौके पर निस्तारण
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

शिकोहाबाद में संपूर्ण समाधान दिवस में 97 शिकायतें पहुंचीं, 12 का मौके पर निस्तारण

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
फिरोजाबाद, 7 सितंबर 2026। शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए तहसील सभागार शिकोहाबाद में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने की।
समाधान दिवस में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य सहित जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। शिकोहाबाद क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी इलाकों से बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए।

शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकताओं में सर्वोच्च है। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या हीलाहवाली मिलने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम करेगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित संयुक्त मामलों में दोनों विभागों की टीमें मौके पर जाकर निष्पक्ष पैमाइश और वास्तविक स्थिति की जांच करते हुए शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करें। अवैध कब्जे एवं सरकारी भूमि पर अतिक्रमण से संबंधित मामलों में तत्काल स्थलीय जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए, ताकि फरियादी को अपनी समस्या के लिए बार-बार अधिकारियों के चक्कर न लगाने पड़ें।
97 शिकायतों में 12 का मौके पर निस्तारण
संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 97 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 12 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि शेष शिकायतों को समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को संदर्भित किया गया।

अवैध कब्जे और पैमाइश से जुड़ी शिकायतों पर दिए निर्देश
मौजा दिवनारा निवासी रचना पचौरी ने गाटा संख्या 864 पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष एवं तहसीलदार शिकोहाबाद को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसी प्रकार मौजा कनवारा, थाना खैरगढ़ निवासी विजय कुमार ने गाटा संख्या 243 भाग 239 की पैमाइश के बाद भी विपक्षी पक्ष द्वारा मेड़ डालने में बाधा उत्पन्न किए जाने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी शिकोहाबाद को पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम भेजकर तत्काल मौके पर समस्या का निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
वहीं नीतू ने गाटा संख्या 514 में सहखातेदारों द्वारा कम रकबा दिए जाने और सही पैमाइश नहीं होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने मामले को तहसीलदार को संदर्भित करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

शिकायतकर्ताओं से फोन पर लिया निस्तारण का फीडबैक
जिलाधिकारी ने पूर्व में निस्तारित शिकायतों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर वार्ता कर फीडबैक भी लिया। हरिया निवासी कमलेश कुमार, डभौनी निवासी रघुवीर सिंह और नौभवन निवासी रघुवीर सिंह से शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली गई। सभी शिकायतकर्ताओं ने निस्तारण की स्थिति पर संतोष व्यक्त किया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दोहराया कि जनसुनवाई एवं संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार, पारदर्शी और समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
PCT News | फिरोजाबाद





