Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
यूपीराज्यलोकल न्यूज़

फिरोजाबाद में भूलेख सुधार का महाअभियान: एक माह तक गांव-गांव पढ़ी जाएगी खतौनी, अंश निर्धारण की त्रुटियां होंगी ठीक

डीएम संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर विशेष अभियान शुरू, लेखपाल घर-घर पहुंचकर करेंगे जांच; हर सप्ताह होगी प्रगति की समीक्षा

फिरोजाबाद में भूलेख सुधार का महाअभियान: एक माह तक गांव-गांव पढ़ी जाएगी खतौनी, अंश निर्धारण की त्रुटियां होंगी ठीक

 

डीएम संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर विशेष अभियान शुरू, लेखपाल घर-घर पहुंचकर करेंगे जांच; हर सप्ताह होगी प्रगति की समीक्षा

फिरोजाबाद, 5 अगस्त।

जनपद में भूमि अभिलेखों को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने राजस्व अभिलेखों में अंश निर्धारण की त्रुटियों को सुधारने के लिए एक माह का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान यह पाया गया कि कई स्थानों पर भूलेखों में दर्ज अंश निर्धारण वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खा रहा है, जिससे काश्तकारों और ग्रामीणों को विभिन्न प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर अभियान के दौरान सभी लेखपालों की रोस्टरवार ड्यूटी लगाई गई है। लेखपाल गांव-गांव पहुंचकर खतौनी का सार्वजनिक पठन करेंगे और अंश निर्धारण से संबंधित सभी त्रुटियों एवं विसंगतियों की पहचान करेंगे। इसके बाद नियमानुसार आवश्यक सुधार की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान के प्रभावी संचालन और सभी तहसीलों के बीच समन्वय बनाए रखने के लिए एडीएम (नमामि गंगे) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह विशेष अभियान लगातार एक माह तक चलेगा, ताकि कोई भी पात्र काश्तकार या प्रभावित गाटा सुधार प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा स्वयं प्रत्येक सप्ताह अभियान की तहसीलवार और हल्कावार समीक्षा करेंगे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अभियान के दौरान पूरी पारदर्शिता और तत्परता के साथ कार्य किया जाए, ताकि किसानों और ग्रामीणों को अपनी भूमि से जुड़े अभिलेखों में सुधार कराने के लिए अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। यह अभियान भूमि रिकॉर्ड को अधिक सटीक बनाने के साथ-साथ आमजन को राजस्व संबंधी समस्याओं से राहत दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!