प्राथमिक विद्यालय किशनपुर का डीएम ने किया आकस्मिक निरीक्षण
कक्षा में पहुंचकर बच्चों की परखी पढ़ाई, 18 का पहाड़ा सुनाने पर छात्रा गुंजन की डीएम ने की सराहना

प्राथमिक विद्यालय किशनपुर का डीएम ने किया आकस्मिक निरीक्षण

कक्षा में पहुंचकर बच्चों की परखी पढ़ाई, 18 का पहाड़ा सुनाने पर छात्रा गुंजन की डीएम ने की सराहना
फिरोजाबाद, 7 सितम्बर।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने विकासखंड शिकोहाबाद के प्राथमिक विद्यालय किशनपुर का आकस्मिक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति और पठन-पाठन की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार भी मौजूद रहे।

बच्चों से सवाल पूछकर परखी शिक्षा की गुणवत्ता
जिलाधिकारी ने कक्षा-2 और कक्षा-4 में पहुंचकर बच्चों से सवाल पूछे और उनकी शैक्षणिक क्षमता को परखा। कक्षा-4 की छात्राओं आंचल और गुंजन ने पूछे गए प्रश्नों के सही उत्तर दिए। छात्रा गुंजन ने जिलाधिकारी को 18 का पहाड़ा निर्बाध रूप से सुनाया, जिस पर जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्रा की सराहना की।

बच्चों को बांटी टॉफी, उपस्थिति की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षाओं में उपस्थित बच्चों को टॉफी भी वितरित की। प्रधानाचार्या मंजू यादव ने बताया कि विद्यालय में कुल 109 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जिनमें निरीक्षण के समय 66 बच्चे उपस्थित मिले। विद्यालय में छह शिक्षक तैनात हैं, जिनमें से पांच शिक्षक उपस्थित पाए गए।

मिड-डे मील और स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा
जिलाधिकारी ने मिड-डे मील, पेयजल, स्वच्छता व्यवस्था और रसोइयों के मानदेय भुगतान की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि विद्यार्थियों को निर्धारित मेनू के अनुसार मिड-डे मील दिया जा रहा है। विद्यालय में नियमित रूप से सफाई कराई जाती है और रसोइयों को पिछले माह तक का मानदेय प्राप्त हो चुका है।

शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश
विद्यालय के बाहर मौजूद ग्रामीणों और अभिभावकों से संवाद करते हुए जिलाधिकारी ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रधानाचार्या को निर्देश दिए कि विद्यालय में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पठन-पाठन की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी शिकोहाबाद सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
PCT News | फिरोजाबाद




