आरोग्य मेले का डीएम ने किया निरीक्षण
बैनर सामने लगाने के निर्देश, 30 साल से अधिक उम्र के मरीजों की बीपी-शुगर जांच पर दिया जोर

PCT News | फिरोजाबाद | 6 सितम्बर 2026
आरोग्य मेले का डीएम ने किया निरीक्षण

बैनर सामने लगाने के निर्देश, 30 साल से अधिक उम्र के मरीजों की बीपी-शुगर जांच पर दिया जोर
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने ककरऊ कोठी स्थित नगरीय हेल्थ एवं वैलनेस सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर आयोजित आयुष्मान आरोग्य मेले की व्यवस्थाओं और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी को बताया गया कि आरोग्य मेले के तहत केंद्र पर आज 64 मरीजों का उपचार किया गया। निरीक्षण के दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर का बैनर सामने नहीं लगा होने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि बैनर केंद्र के सामने स्पष्ट रूप से लगाया जाए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी या भ्रम न हो।

अधिकारियों ने बताया कि जनपद में आयुष्मान आरोग्य मेले के अंतर्गत 69 स्वास्थ्य केंद्रों पर कुल 1,255 मरीजों का उपचार किया गया। इनमें 591 पुरुष, 469 महिलाएं और 195 बच्चे शामिल रहे।
डीएम ने स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की गहनता से जांच की। उन्होंने केंद्र पर मौजूद मरीजों से भी बातचीत कर उपचार की जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मेले के दौरान उन्हें समुचित उपचार मिल रहा है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 30 वर्ष से अधिक उम्र के मरीजों की बीपी, शुगर सहित आवश्यक जांच अवश्य की जाए, ताकि बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार सुनिश्चित हो सके।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविंद कुमार द्विवेदी, सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पाण्डे, एसीएमओ डॉ. मोहम्मद फारूक सहित संबंधित अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
PCT News | फिरोजाबाद




