समान पक्षी विहार के निकट पर्यटन विकास को मिलेगी नई रफ्तार, 6 हेक्टेयर भूमि पर्यटन विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित
लखनऊ/मैनपुरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में जनपद मैनपुरी स्थित प्रसिद्ध समान पक्षी विहार के निकट पर्यटन विकास के लिए 6.00 हेक्टेयर ग्रामसभा भूमि पर्यटन विभाग के पक्ष में निःशुल्क हस्तांतरित किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है।

समान पक्षी विहार के निकट पर्यटन विकास को मिलेगी नई रफ्तार, 6 हेक्टेयर भूमि पर्यटन विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित
लखनऊ/मैनपुरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में जनपद मैनपुरी स्थित प्रसिद्ध समान पक्षी विहार के निकट पर्यटन विकास के लिए 6.00 हेक्टेयर ग्रामसभा भूमि पर्यटन विभाग के पक्ष में निःशुल्क हस्तांतरित किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यह भूमि मैनपुरी की किशनी तहसील के ग्राम समान में समान पक्षी विहार के निकट स्थित है। ग्राम समाज की यह भूमि ऊसर है और इसे पक्षी वन्यजीव विहार के निर्माण एवं पर्यटन विकास के लिए प्रस्तावित किया गया था।
पर्यटकों के लिए विकसित होंगी सुविधाएं
पर्यटन मंत्री ने कहा कि भूमि पर्यटन विभाग को हस्तांतरित होने से समान पक्षी विहार के आसपास पर्यटन अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध हो सकेगी। इसके साथ ही पक्षियों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जा सकेंगी। इससे स्थानीय और प्रवासी पक्षियों के संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि समान पक्षी विहार प्रदेश का महत्वपूर्ण वेटलैंड और रामसर साइट है। यहां सारस क्रेन सहित विभिन्न प्रजातियों के स्थानीय एवं प्रवासी पक्षियों का आगमन होता है। यह क्षेत्र पक्षी प्रेमियों, पर्यटकों और फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र है।
2019 में रामसर साइट घोषित हुआ समान पक्षी विहार
ग्राम समान स्थित समान पक्षी विहार को वर्ष 2019 में संरक्षित रामसर स्थल घोषित किया गया था। यह करीब 5.25 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। यहां विशेष रूप से क्रेन पक्षियों को देखने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं। पर्यटक यहां नौका सवारी के माध्यम से पक्षियों को करीब से देखने का आनंद भी ले सकते हैं।
समान पक्षी विहार आगरा-मैनपुरी-फर्रूखाबाद मार्ग पर स्थित है और मैनपुरी शहर से लगभग 30 किलोमीटर दूर है। यह आगरा-अलीगढ़ मार्ग से भी जुड़ा हुआ है तथा रेलमार्ग से भी यहां पहुंचा जा सकता है।
प्रदेश के प्रमुख पक्षी विहारों में शामिल है समान
पर्यटन मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में चंद्रशेखर आजाद पक्षी विहार कन्नौज, सैंडी पक्षी विहार हरदोई, बखीरा पक्षी विहार संतकबीरनगर, विजय सागर पक्षी विहार महोबा, लाख बहोसी पक्षी विहार उन्नाव, डॉ. भीमराव आंबेडकर पक्षी विहार प्रतापगढ़, सुरहाताल पक्षी विहार बलिया, ओखला पक्षी विहार गौतमबुद्ध नगर, सूर सरोवर पक्षी विहार आगरा, समान पक्षी विहार मैनपुरी और पटना पक्षी विहार एटा सहित कई प्रमुख पक्षी विहार हैं।
इन पक्षी विहारों में विशेषकर शरद ऋतु के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षियों का आगमन होता है।
सरकार पर नहीं पड़ेगा अतिरिक्त वित्तीय भार
जयवीर सिंह ने कहा कि ग्राम समाज की भूमि पर्यटन विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित किए जाने से राज्य सरकार पर कोई अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ेगा। भूमि उपलब्ध होने के बाद समान पक्षी विहार के आसपास पर्यटन सुविधाओं का विस्तार, पक्षियों का संरक्षण और पर्यटकों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं विकसित करने का मार्ग प्रशस्त होगा।
— Pink City Times | PCT News




