किसान समाधान दिवस में किसानों की समस्याओं के निस्तारण के निर्देश
उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता का दावा, कालाबाजारी और ओवररेटिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

किसान समाधान दिवस में किसानों की समस्याओं के निस्तारण के निर्देश

उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता का दावा, कालाबाजारी और ओवररेटिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
PCT News, फिरोजाबाद।
फिरोजाबाद के विकास भवन सभागार में बुधवार, 19 अगस्त को किसान समाधान दिवस का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी श्री शत्रोहन वैश्य ने किसानों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
सीडीओ ने बताया कि जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने जिला कृषि अधिकारी को उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी और ओवररेटिंग करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। किसानों को खतौनी में अंश निर्धारण और नाम सुधार के लिए ऑनलाइन आवेदन कर राजस्व विभाग के माध्यम से त्रुटि सुधार कराने की जानकारी भी दी गई।
बिजली बिल में सुधार और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया गया। वहीं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पिछले तीन वर्षों के लाभार्थी किसानों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए।
उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रत्येक गुरुवार को ग्राम सचिवालयों में फॉर्मर रजिस्ट्री स्पेशल ड्राइव अभियान चलाया जा रहा है। लेखपाल, ग्राम सचिव, पंचायत सहायक और कृषि विभाग के कर्मचारियों द्वारा किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री तैयार की जा रही है। उन्होंने वंचित किसानों से फॉर्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से बनवाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ फसलों का बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक किसान बैंक अथवा जनसेवा केंद्र के माध्यम से फसल बीमा करा सकते हैं।
मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डा. सोमेश गुप्ता ने बताया कि पशुपालन विभाग द्वारा खुरपका-मुंहपका और एलएसडी जैसी पशु बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। पशुओं से संबंधित आपात स्थिति में किसान टोल फ्री नंबर 1962 पर संपर्क कर सकते हैं।

वरिष्ठ वैज्ञानिक ओमकार सिंह ने किसानों को मृदा परीक्षण की संस्तुति के आधार पर ही उर्वरकों का प्रयोग करने तथा खेतों में हरी खाद के उपयोग को बढ़ावा देने की सलाह दी। वरिष्ठ वैज्ञानिक पृथ्वी पाल सिंह ने अमरूद, नींबू और शिमला मिर्च में लगने वाले कीटों तथा उनके उपचार की जानकारी किसानों को दी।
कार्यक्रम में कृषि, सहकारिता, बैंक, सिंचाई, विद्युत, मंडी, मत्स्य, उद्यान, पशुपालन और फसल बीमा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। विभिन्न विकासखंडों से आए प्रगतिशील एवं अन्य किसानों ने भी किसान समाधान दिवस में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के अंत में उप कृषि निदेशक ने सभी अधिकारियों और किसानों का आभार व्यक्त किया।
Pink City Times | PCT News
किसानों से जुड़ी स्थानीय खबरों और प्रशासनिक गतिविधियों के लिए जुड़े रहें।




