भीषण गर्मी और उमस में मरीज बेहाल, जिला अस्पताल की अव्यवस्थाओं ने बढ़ाई परेशानी
पर्चा काउंटर, टोकन विंडो और एक्स-रे कक्ष के बाहर लंबी कतारें, उमस भरी गर्मी में पर्चों से हवा करते दिखे मरीज और तीमारदार
भीषण गर्मी और उमस में मरीज बेहाल, जिला अस्पताल की अव्यवस्थाओं ने बढ़ाई परेशानी
पर्चा काउंटर, टोकन विंडो और एक्स-रे कक्ष के बाहर लंबी कतारें, उमस भरी गर्मी में पर्चों से हवा करते दिखे मरीज और तीमारदार
फिरोजाबाद।
भीषण गर्मी और उमस ने आम लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है, लेकिन सबसे ज्यादा परेशानी जिला अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को उठानी पड़ रही है। इलाज की उम्मीद लेकर अस्पताल पहुंचे लोगों को पहले पर्चा बनवाने के लिए लंबी लाइन में खड़ा होना पड़ता है, फिर टोकन लेने के लिए अलग कतार और उसके बाद एक्स-रे सहित अन्य जांचों के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
हालात ऐसे हैं कि अस्पताल के कई स्थानों पर भारी भीड़ के बीच लोगों को गर्मी से राहत देने के लिए पर्याप्त पंखों की व्यवस्था भी नजर नहीं आती। उमस और गर्मी से परेशान मरीज और तीमारदार अपने पर्चों से हवा करते दिखाई दिए। बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और गंभीर मरीज सबसे अधिक मुश्किल में नजर आए।
मरीजों का कहना है कि बीमार होने के बावजूद उन्हें लंबे समय तक गर्मी में खड़ा रहना पड़ता है। भीड़ और उमस के कारण कई लोगों की तबीयत बिगड़ने का भी खतरा बना रहता है। अस्पताल में आने वाले लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से व्यवस्था सुधारने की मांग करते हुए कहा कि पर्चा काउंटर, टोकन विंडो और एक्स-रे कक्ष के बाहर पर्याप्त पंखों, बैठने की व्यवस्था और शुद्ध पेयजल की सुविधा तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
जिला अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग से अपेक्षा है कि मरीजों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
PCT News Digital हम बनेंगे आपकी आवाज




