वाहन चोर गैंग पर पुलिस का शिकंजा: शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी की बाइक और फर्जी नंबर प्लेट बरामद
सुल्तानपुर घोष पुलिस की कार्रवाई, पूछताछ में आरोपी ने कबूला चोरी का राज; पहले से भी दर्ज हैं कई आपराधिक मुकदमे
वाहन चोर गैंग पर पुलिस का शिकंजा: शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी की बाइक और फर्जी नंबर प्लेट बरामद
सुल्तानपुर घोष पुलिस की कार्रवाई, पूछताछ में आरोपी ने कबूला चोरी का राज; पहले से भी दर्ज हैं कई आपराधिक मुकदमे
फतेहपुर।
जनपद फतेहपुर में अपराध और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सुल्तानपुर घोष पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और उस पर लगी फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी खागा के पर्यवेक्षण में थाना सुल्तानपुर घोष पुलिस कर्मेपुर मोड़ पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम राम सिंह उर्फ नंगू यादव पुत्र बाबूदेव यादव निवासी ग्राम देवारा, थाना सुल्तानपुर घोष, जनपद फतेहपुर बताया। जब पुलिस ने मोटरसाइकिल के कागजात मांगे तो वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
जांच के दौरान उसके कब्जे से बरामद हीरो स्प्लेंडर आई-स्मार्ट मोटरसाइकिल चोरी की निकली। पुलिस जांच में पता चला कि वाहन पर लगी नंबर प्लेट यूपी-71 एए-6412 फर्जी थी, जबकि मोटरसाइकिल का वास्तविक पंजीकरण नंबर यूपी-73 एम-2615 है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने चोरी के बाद बाइक की पहचान छिपाने के उद्देश्य से उस पर दूसरी मोटरसाइकिल की फर्जी नंबर प्लेट लगा दी थी, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके।
पुलिस के अनुसार बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में पहले से मुकदमा दर्ज है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में वाहन चोरों और अन्य अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच की जाती रहेगी।




