पोलिंग स्टेशन स्थानांतरण के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
ग्राम नीम खेरिया के ग्रामीण बोले— रेलवे लाइन पार मतदान केंद्र बनने से किसानों, बुजुर्गों और महिलाओं को होगी भारी परेशानी
पोलिंग स्टेशन स्थानांतरण के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

ग्राम नीम खेरिया के ग्रामीण बोले— रेलवे लाइन पार मतदान केंद्र बनने से किसानों, बुजुर्गों और महिलाओं को होगी भारी परेशानी

शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नीम खेरिया में प्रस्तावित पोलिंग स्टेशन परिवर्तन को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली। बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण तहसील पहुंचे और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर मौजूदा मतदान केंद्र को यथावत रखने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में ग्राम नीम खेरिया का पोलिंग स्टेशन उच्च प्राथमिक विद्यालय में संचालित होता है। आरोप है कि इसे रेलवे लाइन के दूसरी ओर स्थित नगला कन्ही में स्थानांतरित कराने का प्रयास किया जा रहा है। यदि ऐसा हुआ तो गांव के लोगों, विशेषकर किसानों, बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के लिए रेलवे लाइन पार कर लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने एसडीएम को दिए ज्ञापन में मांग की कि मतदान केंद्र को उसके वर्तमान स्थान पर ही बनाए रखा जाए, ताकि सभी मतदाता बिना किसी कठिनाई के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
ग्रामीण राधाकृष्ण ने बताया कि पोलिंग स्टेशन को गांव से हटाकर दूसरी ओर स्थापित किए जाने से किसानों सहित सभी ग्रामीणों को मतदान के दौरान काफी दिक्कत होगी। उन्होंने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए वर्तमान मतदान केंद्र को यथावत रखने की मांग की।
एसडीएम ने ग्रामीणों का ज्ञापन प्राप्त कर मामले की नियमानुसार जांच एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।




