पलिया दोयम में डीएम संतोष कुमार शर्मा की जन चौपाल, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर दिए समाधान के निर्देश
शिक्षा, किसान कल्याण, सरकारी योजनाओं और पर्यावरण संरक्षण पर दिया विशेष जोर, विद्युत सखी योजना की महिलाओं को वितरित किए थर्मल प्रिंटर

पलिया दोयम में डीएम संतोष कुमार शर्मा की जन चौपाल, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर दिए समाधान के निर्देश
शिक्षा, किसान कल्याण, सरकारी योजनाओं और पर्यावरण संरक्षण पर दिया विशेष जोर, विद्युत सखी योजना की महिलाओं को वितरित किए थर्मल प्रिंटर
फिरोजाबाद। शासन की मंशानुरूप जनसामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं के स्थानीय स्तर पर त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को विकासखंड जसराना की ग्राम पंचायत पलिया दोयम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में विशाल जन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जन चौपाल को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने शिक्षा के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बेसिक शिक्षा को मजबूत बनाने और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) उपलब्ध कराया जा रहा है तथा छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, स्वेटर, जूते और मोजे वितरित किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी बच्चे की शिक्षा आर्थिक कारणों से प्रभावित न हो।
उन्होंने अभिभावकों, विशेषकर माताओं से अपील करते हुए कहा कि शिक्षा समाज में बदलाव का सबसे सशक्त माध्यम है। गांव का कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न रहे और सभी अभिभावक बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें।
चौपाल के दौरान राजस्व, विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, विद्युत और पूर्ति विभाग से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन और नियमित उपस्थिति बनाए रखने के लिए ग्राम प्रधानों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
ग्रीन चौपाल के तहत हुआ वृक्षारोपण
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चौपाल परिसर में ‘ग्रीन चौपाल’ का आयोजन किया गया, जिसके अंतर्गत व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील
जिलाधिकारी ने किसानों से अपनी फार्मर रजिस्ट्री अवश्य कराने की अपील की। उन्होंने कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए संतुलित एवं वैज्ञानिक तरीके से उर्वरकों के उपयोग पर भी जोर दिया, ताकि किसानों को बेहतर उत्पादन और आय प्राप्त हो सके।
विद्युत सखी योजना की महिलाओं को मिले थर्मल प्रिंटर
कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूह की विद्युत सखी योजना से जुड़ी महिलाओं—सरोज, सीमा, अंजली देवी और रीता वर्मा को जिलाधिकारी द्वारा थर्मल प्रिंटर वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्वयं सहायता समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
ग्रामीणों तक पहुंच रहा प्रशासन
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जन चौपालों का उद्देश्य यही है कि ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंचकर समस्याओं का निस्तारण करे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, डीएफओ भानेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) मोहन लाल गुप्ता, उप जिलाधिकारी ऋषभ पुंडीर, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




