खेत जोतने जा रहे किसान की ट्रैक्टर पलटने से दर्दनाक मौत, खाई में दबा मिला शव
खैरगढ़ के जरौली गांव में देर रात हुआ हादसा, सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने देखा पलटा ट्रैक्टर; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
खेत जोतने जा रहे किसान की ट्रैक्टर पलटने से दर्दनाक मौत, खाई में दबा मिला शव

खैरगढ़ के जरौली गांव में देर रात हुआ हादसा, सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने देखा पलटा ट्रैक्टर; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
खैरगढ़ (फिरोजाबाद)।
थाना खैरगढ़ क्षेत्र के गांव जरौली में खेत जोतने जा रहे एक किसान की ट्रैक्टर पलटने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही थाना खैरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव जरौली निवासी श्याम पाल उर्फ टिंकू पुत्र राजाराम रविवार देर रात करीब 11 बजे अपने ट्रैक्टर (पंजीकरण संख्या UP 83 B 7561) से खेत जोतने के लिए निकले थे। गांव के कच्चे चक रोड पर अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। हादसे में वह ट्रैक्टर के नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सोमवार सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर खाई में पलटे ट्रैक्टर पर पड़ी। पास जाकर देखने पर किसान ट्रैक्टर के नीचे दबा मिला। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को हटाकर किसान के शव को बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना पर उपनिरीक्षक परविंदर कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए शव विच्छेदन गृह भेज दिया तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मृतक अपने पीछे 15 वर्षीय पुत्री सौम्या और 12 वर्षीय पुत्र कृष्ण को छोड़ गए हैं। किसान की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।




