सिरसागंज संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं 104 शिकायतें, 10 का मौके पर हुआ निस्तारण
भूमि विवाद, अवैध कब्जे, वन भूमि और राजस्व मामलों पर सख्त निर्देश; डीएम बोले— जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

सिरसागंज संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं 104 शिकायतें, 10 का मौके पर हुआ निस्तारण
भूमि विवाद, अवैध कब्जे, वन भूमि और राजस्व मामलों पर सख्त निर्देश; डीएम बोले— जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
फिरोजाबाद। तहसील सिरसागंज में सोमवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसामान्य की समस्याओं की सुनवाई की गई। कार्यक्रम में तहसील, ब्लॉक एवं जिला स्तर के सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। समाधान दिवस में कुल 104 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को समयबद्ध ढंग से निपटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
सुनवाई के दौरान भूमि विवाद, अवैध कब्जे, राजस्व अभिलेखों की त्रुटियां, वन भूमि, प्रोबेशन विभाग और अन्य जनसमस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने सभी फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
समाधान दिवस में मौलापुर गांव के ग्रामीणों ने चकरोड पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर पैमाइश कर अतिक्रमण हटाने तथा ग्राम पंचायत के माध्यम से रास्ते का निर्माण कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से जुड़ी शिकायत पर जिलाधिकारी ने पात्रता की दोबारा गहन जांच कराकर पात्र पाए जाने पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए। वहीं, राजस्व अभिलेखों में कथित अनियमितता के मामले में तहसीलदार सिरसागंज को सात कार्य दिवस में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए।
वन भूमि पर अवैध निर्माण की शिकायत मिलने पर तहसील प्रशासन और वन विभाग को तत्काल निर्माण रुकवाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने तथा संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए। मृत्यु प्रमाण पत्र जारी न होने की शिकायत पर भी संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े।
कार्यक्रम के अंत में वन महोत्सव के तहत तहसील सिरसागंज परिसर में जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामबदन राम, डीएफओ भानेन्द्र सिंह, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




