Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
यूपीराज्यलोकल न्यूज़

फिरोजाबाद में 869.66 करोड़ की जल जीवन मिशन परियोजना का डीएम ने किया निरीक्षण, मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश

181 एमएलडी शुद्ध पेयजल से 9 ब्लॉकों के 780 गांव होंगे लाभान्वित, फ्लोराइड और खारे पानी की समस्या से मिलेगी राहत

फिरोजाबाद में 869.66 करोड़ की जल जीवन मिशन परियोजना का डीएम ने किया निरीक्षण, मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश

 

181 एमएलडी शुद्ध पेयजल से 9 ब्लॉकों के 780 गांव होंगे लाभान्वित, फ्लोराइड और खारे पानी की समस्या से मिलेगी राहत

देश की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन के तहत नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग द्वारा फिरोजाबाद और आगरा जनपद में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 869.66 करोड़ रुपये की लागत से सतही स्रोत आधारित पाइप पेयजल परियोजना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। इस परियोजना की शुरुआत 9 अक्टूबर 2023 को हुई थी और इसका निर्माण कार्य एनसीसी लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है।

इसी क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) मोहनलाल गुप्ता के साथ परियोजना स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल शोधन संयंत्र के महत्वपूर्ण तकनीकी हिस्सों कास्केड एरेटर और क्लैरिफ्लोक्युलेटर का अवलोकन किया तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वाल्व चैंबर और वॉल्वेबल चैंबर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि सभी चैंबरों में इमरजेंसी लैडर (Emergency Ladder) की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी तकनीकी खराबी या आपात स्थिति में कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

यह परियोजना लोअर गंगा कैनाल के जल पर आधारित है। कैनाल से प्राप्त कच्चे पानी को अत्याधुनिक वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में शुद्ध कर फिरोजाबाद और आगरा के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा।

परियोजना के तहत फिरोजाबाद को 181 एमएलडी शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा। इससे जिले के 9 विकास खंडों के 780 गांव सीधे लाभान्वित होंगे। ग्रामीणों को खारे पानी और फ्लोराइड युक्त जल से होने वाली बीमारियों से राहत मिलेगी। शुद्ध पेयजल की आपूर्ति 410 ओवरहेड पानी की टंकियों के माध्यम से गांव-गांव तक की जाएगी।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मार्च 2027 तक हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को समय पर इसका लाभ मिल सके।

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी ने परियोजना परिसर में वृक्षारोपण भी किया तथा लगाए गए पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जल जीवन मिशन के प्रभारी विजय लोखंडे, जल निगम के अधिशासी अभियंता डी.के. सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!