बेटी के खून से रंगे हाथ, पत्नी पर भी किया जानलेवा हमला; आरोपी पिता आलाकत्ल समेत गिरफ्तार
फिरोजाबाद की नीलकंठ कॉलोनी में रिश्तों का कत्ल, पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को दबोचा

बेटी के खून से रंगे हाथ, पत्नी पर भी किया जानलेवा हमला; आरोपी पिता आलाकत्ल समेत गिरफ्तार
फिरोजाबाद की नीलकंठ कॉलोनी में रिश्तों का कत्ल, पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को दबोचा

फिरोजाबाद। थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र की नीलकंठ कॉलोनी में पिता द्वारा अपनी ही बेटी की बेरहमी से हत्या और पत्नी पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार (बांका) भी बरामद कर लिया है।

रविवार को सामने आई इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था। आरोप है कि नीलकंठ कॉलोनी सोफीपुर निवासी राकेश पुत्र लखपत सिंह ने अपनी पुत्री मुस्कान पर धारदार बांके से हमला कर उसकी हत्या कर दी। जब पत्नी पुष्पा देवी ने बेटी को बचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल पुष्पा देवी को उपचार के लिए आगरा के हायर सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मृतका के भाई अजय की तहरीर पर थाना बसई मोहम्मदपुर में आरोपी राकेश के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राकेश को फतेहाबाद रोड स्थित मडुआ मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांका भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं इस दर्दनाक घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। एक पिता द्वारा अपनी ही बेटी की हत्या किए जाने की वारदात ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया है।




