टूण्डला पुलिस का बड़ा एक्शन: गैंगस्टर एक्ट में वांछित 3 आरोपी गिरफ्तार, इलाके में फैला रखी था दहशत
हत्या समेत संगठित अपराधों से जुड़े गैंग पर पुलिस की कार्रवाई, मदावली गांव से दबोचे गए तीनों आरोपी

फिरोजाबाद के थाना टूण्डला पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी संगठित आपराधिक गिरोह का हिस्सा हैं और इलाके में भय और आतंक का माहौल बना रखा था।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम मदावली से लाल सिंह, मोहन उर्फ मनमोहन और लवकुश उर्फ लव को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी थाना टूण्डला क्षेत्र के रहने वाले हैं और इनके खिलाफ थाना टूण्डला में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार गैंगलीडर आकाश अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या जैसे गंभीर अपराधों को अंजाम देता था। गिरोह का मकसद अवैध तरीके से आर्थिक और भौतिक लाभ कमाना बताया गया है। पुलिस का कहना है कि इन अपराधियों की गतिविधियों से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ था।
गिरफ्तार अभियुक्तों में लाल सिंह पुत्र स्वर्गीय पूरन सिंह (50 वर्ष), मोहन उर्फ मनमोहन पुत्र लाल सिंह (31 वर्ष) और लवकुश उर्फ लव पुत्र लाल सिंह (25 वर्ष) शामिल हैं। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी लाल सिंह पर पहले से हत्या, गैंगस्टर एक्ट और विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मोहन और लवकुश पर भी हत्या और गैंगस्टर एक्ट के मामले दर्ज बताए गए हैं।
इस गिरफ्तारी अभियान में प्रभारी निरीक्षक बैजनाथ सिंह, उपनिरीक्षक हर्षित कुमार, उपनिरीक्षक विजय कुमार समेत थाना टूण्डला पुलिस टीम के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।




