Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
यूपीराज्यलोकल न्यूज़

फिरोजाबाद में ग्राम स्तर पर बनेगी आपदा प्रबंधन समिति, बाढ़-अग्निकांड समेत हर आपदा से निपटने की तैयारी

जिलाधिकारी के निर्देश पर हर ग्राम पंचायत में गठित होगी “ग्रामीण स्तरीय आपदा प्रबंधन समिति”

फिरोजाबाद में ग्राम स्तर पर बनेगी आपदा प्रबंधन समिति, बाढ़-अग्निकांड समेत हर आपदा से निपटने की तैयारी

जिलाधिकारी के निर्देश पर हर ग्राम पंचायत में गठित होगी “ग्रामीण स्तरीय आपदा प्रबंधन समिति”

फिरोजाबाद। जनपद में बाढ़, अग्निकांड, आंधी-तूफान, भवन गिरने, पेड़ गिरने एवं अन्य प्राकृतिक अथवा मानवजनित आपदाओं की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम स्तर पर “ग्रामीण स्तरीय आपदा प्रबंधन समिति” गठित की जाएगी। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने इस संबंध में निर्देश जारी करते हुए प्रत्येक ग्राम पंचायत में तत्काल प्रभाव से समिति गठन कर उसकी सूचना जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

आग लगने की घटनाओं से बचाव के लिए पहले से होगी तैयारी

प्रशासन द्वारा बताया गया है कि यदि किसी क्षेत्र में आग लगने जैसी घटना होती है तो वहां उपलब्ध पानी के स्रोतों की पूर्व जानकारी होने से नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इसके लिए गांवों में पानी के स्रोतों की सूची तैयार की जाएगी। साथ ही JCB, ट्रैक्टर, स्टीमर, नाव और अन्य जरूरी संसाधनों की जानकारी भी एकत्र की जाएगी, ताकि आपदा के समय उनका तत्काल उपयोग किया जा सके।

समिति में शामिल होंगे ग्राम स्तर के अधिकारी और जनप्रतिनिधि

ग्रामीण स्तरीय आपदा प्रबंधन समिति में ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव, लेखपाल, आंगनवाड़ी सहायिका एवं कार्यकर्ती, आशा, एएनएम, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, प्राथमिक विद्यालय के अध्यापक, बीट सिपाही समेत विभिन्न विभागों के ग्राम स्तरीय कर्मचारी शामिल किए जाएंगे। इसके अलावा पूर्व ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य और अन्य स्थानीय जिम्मेदार व्यक्तियों को भी समिति का हिस्सा बनाया जाएगा।

राहत एवं बचाव कार्यों का करेगी समन्वय

यह समिति किसी भी आपदा की स्थिति में तुरंत सक्रिय होकर राहत एवं बचाव कार्यों का संचालन करेगी। समिति का मुख्य उद्देश्य जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम करना होगा। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना, प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराना, प्रशासन को तत्काल सूचना देना और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना समिति की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल रहेगा।

उपजिलाधिकारियों और बीडीओ को दिए गए निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार और खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ग्राम स्तरीय समितियों का गठन शीघ्र पूरा कर उनकी सूची जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, जिससे किसी भी आपदा के समय प्रभावी और त्वरित कार्रवाई की जा सके।

जिला मुख्यालय पर बनेगा आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम

इसके साथ ही जनपद मुख्यालय पर आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों के आपदा नोडल अधिकारियों को शामिल किया जाएगा। मौसम विभाग द्वारा जारी किसी भी आपदा संबंधी पूर्वानुमान को संबंधित विभागों के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाया जाएगा तथा लोगों को जागरूक करने का कार्य किया जाएगा।

— संतोष कुमार शर्मा

जिलाधिकारी, फिरोजाबाद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!