
फिरोजाबाद पुलिस लाइन में रिक्रूट आरक्षियों की भव्य पासिंग आउट परेड संपन्न

12 प्लाटूनों ने दी शानदार सलामी, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आरक्षी हुए सम्मानित

खबर
फिरोजाबाद जनपद के पुलिस लाइन में 26 अप्रैल 2026 को उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती 2025 के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त रिक्रूट आरक्षियों की पासिंग आउट परेड का भव्य आयोजन किया गया। प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके आरक्षियों ने अनुशासन, समन्वय, शारीरिक दक्षता और पुलिस सेवा के प्रति अपने समर्पण का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण डॉ बीडी पॉल्सन का स्वागत किया। इस दौरान कुल 12 प्लाटूनों ने मुख्य अतिथि को आकर्षक सलामी दी। परेड के निरीक्षण के दौरान प्रथम कमांडर योगेश शर्मा, द्वितीय कमांडर नागेंद्र सिंह और तृतीय कमांडर अतुल कुमार रहे। सभी प्लाटूनों ने परेड ग्राउंड पर शानदार मार्च पास्ट कर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और परिजनों का उत्साह बढ़ाया।
समारोह में विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को सम्मानित किया गया। आंतरिक विषयों में नेपाल सिंह, अजय कुमार, विकास कुमार, संदीप यादव, पुष्कर, शिवांस कुमार, नवनीत और तिलकराज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बाह्य विषयों में आकाश सैनी, मुकुल यादव, राहुल कुमार, शिवम चौधरी, दिव्यांश सिंह, नितिन शर्मा और कौशेंद्र कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। समस्त आंतरिक विषयों में ललित कुमार और बाह्य विषयों में अर्पित देओल अव्वल रहे, जबकि आदित्य गौर ने सर्वांगीण रूप से सर्वोत्तम अंक प्राप्त किए।
मुख्य अतिथि द्वारा प्रशिक्षण में विशेष योगदान देने वाले प्रशिक्षकों और अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें पीटीआई रविंद्र कुमार, उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र, निरीक्षक जनक सिंह चौहान, प्रतिसार निरीक्षक सुरेंद्र विक्रम सिंह, पुलिस उपाधीक्षक चंचल त्यागी, सहायक पुलिस अधीक्षक राजेश घुनावत और उद्घोषक सेवानिवृत्त रामलखन शर्मा शामिल रहे।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान आरक्षियों को आधुनिक पुलिसिंग, साइबर अपराध, संविधान, मानवाधिकार, लैंगिक संवेदनशीलता, अनुशासन और व्यवहारिक पुलिस कार्यों का व्यापक प्रशिक्षण दिया गया है। इसके साथ ही गार्ड ड्यूटी, एस्कॉर्ट ड्यूटी, लॉकअप ड्यूटी, योग, खेलकूद और सामुदायिक सेवा में भी दक्ष बनाया गया है।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने सभी रिक्रूट आरक्षियों को शपथ दिलाई। इसके बाद आरक्षियों ने धीमी चाल से मंच के दोनों ओर से गुजरते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि नव नियुक्त आरक्षियों के शामिल होने से जनपद में कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा और अधिक मजबूत होगी तथा पुलिस की जनोन्मुखी और संवेदनशील छवि को बल मिलेगा।




