ईवीएम वेयरहाउस का डीएम ने किया मासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के दिए निर्देश
सीसीटीवी निगरानी, मतदाता सूची और अभिलेखों की सुरक्षा पर दिया विशेष जोर

ईवीएम वेयरहाउस का डीएम ने किया मासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के दिए निर्देश
सीसीटीवी निगरानी, मतदाता सूची और अभिलेखों की सुरक्षा पर दिया विशेष जोर
फिरोजाबाद, 12 मई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने मंगलवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी विशु राजा के साथ कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी सतर्कता तथा निर्वाचन अभिलेखों के रख-रखाव की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और उनके संचालन का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेयरहाउस के बाहर लगाए गए सुरक्षा निगरानी डिस्प्ले को बड़ा किया जाए, ताकि किसी भी गतिविधि पर स्पष्ट नजर रखी जा सके।
जिलाधिकारी ने सुरक्षा में तैनात कार्मिकों को 24 घंटे पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
मतदाता सूची और निर्वाचन अभिलेखों की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष जोर देते हुए निर्देशित किया कि सभी अभिलेखों को पूरी तरह सुरक्षित रखा जाए। साथ ही डाटा सुरक्षा के लिए मतदान सूची की प्रतियों को पीडीएफ फॉर्मेट एवं सॉफ्ट कॉपी के रूप में अनिवार्य रूप से संरक्षित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। इस अवसर पर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराधा सिंह एवं जिला कृषि अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




