भारतीय मजदूर संघ ने नई शाखा का किया गठन, श्रमिकों को मीठा व ठंडा जल पिलाकर दिया एकजुटता का संदेश
हड़ताल स्थगित होने पर आयोजित हुआ कार्यक्रम, 9 जुलाई तक वार्ता से समाधान का मिला आश्वासन

भारतीय मजदूर संघ ने नई शाखा का किया गठन, श्रमिकों को मीठा व ठंडा जल पिलाकर दिया एकजुटता का संदेश
हड़ताल स्थगित होने पर आयोजित हुआ कार्यक्रम, 9 जुलाई तक वार्ता से समाधान का मिला आश्वासन

फिरोजाबाद, 4 जुलाई। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) की नई शाखा का गठन शनिवार को किया गया। इस अवसर पर श्रमिकों और आमजन के लिए मीठे एवं ठंडे जल वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से संगठन ने हाल ही में हुए श्रमिक आंदोलन और उसके समाधान की दिशा में हुई पहल की जानकारी भी साझा की।

भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि श्रमिक लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर परेशान थे, जिसके चलते उन्होंने एक दिन की हड़ताल शुरू कर दी थी। इसके बाद भारतीय मजदूर संघ ने पहल करते हुए हड़ताल को स्थगित कराया और श्रमिकों की सहायक श्रम आयुक्त, फिरोजाबाद से वार्ता कराई। वार्ता के दौरान श्रमिकों को उनकी मांगों के समाधान के लिए 9 जुलाई 2026 तक का समय दिए जाने का आश्वासन मिला।
हड़ताल स्थगित होने और सकारात्मक वार्ता के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रमिकों एवं आम लोगों को टेंट लगाकर मीठा एवं ठंडा पानी पिलाया गया। आयोजकों के अनुसार, लगभग 5,000 लोगों ने कार्यक्रम में पहुंचकर जलपान किया।
कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष राजीव, रमाकांत यादव, ताराचंद (भवन निर्माण इकाई संयोजक), दुष्यंत सिंह (कांच-चूड़ी उद्योग शाखा मंत्री), सुरेश चंद्र (शाखा संयोजक, चूड़ी पकाई भट्टी), सुल्तान सिंह, राम अवतार, रामेश्वर, बंटू चौधरी, रामशंकर, भोलू, अतर सिंह, सत्य प्रकाश, अशोक, राजेश सहित अनेक कार्यकर्ता एवं श्रमिक उपस्थित रहे।
भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि निर्धारित समय सीमा के भीतर श्रमिकों की समस्याओं का समाधान होगा और उद्योगों में सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहेगा।




