बाढ़ संभावनाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट, ग्राम स्तर पर डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान तैयार करने के निर्देश
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, नहरों और नालों की समय से सफाई कराने पर जोर

बाढ़ संभावनाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट, ग्राम स्तर पर डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान तैयार करने के निर्देश
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, नहरों और नालों की समय से सफाई कराने पर जोर
फिरोजाबाद, 11 मई। आगामी बाढ़ संभावनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बाढ़ तैयारी एवं आपदा प्रबंधन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में बाढ़ की स्थिति मुख्य रूप से दो कारणों से उत्पन्न हो सकती है। पहला, यमुना नदी का जलस्तर बढ़ना और दूसरा अत्यधिक वर्षा होना। इन दोनों परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग अभी से तैयारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान तैयार किया जाए तथा एक प्रभावी कम्युनिकेशन प्लान भी बनाया जाए, ताकि आपदा की स्थिति में समय पर सूचनाओं का आदान-प्रदान हो सके और राहत कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।
जिलाधिकारी ने नहरों और नालों की समय से साफ-सफाई कराने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने से जनहानि और जलभराव जैसी समस्याओं से बचा जा सकेगा। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विशु राजा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविंद द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहन लाल गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




