
फिरोजाबाद में पॉक्सो एक्ट के वांछित अभियुक्त कौशल आजाद गिरफ्तार
रसूलपुर पुलिस की कार्रवाई, मुखबिर की सूचना पर मौढा चौराहे से दबोचा गया आरोपी
खबर
फिरोजाबाद के थाना रसूलपुर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना रसूलपुर पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त कौशल आजाद पुत्र अजीत कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी को मौढा चौराहे के पास से पकड़ा गया।
गिरफ्तार अभियुक्त कौशल आजाद जनपद चंदौली के थाना धीना क्षेत्र के सिरकलपुर का निवासी है और वह मुकदमा संख्या 205/26 में धारा 137(2), 87, 64(1) बीएनएस तथा 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत वांछित चल रहा था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार, उपनिरीक्षक निशांत कुमार, हेड कांस्टेबल शैलेन्द्र सिंह और कांस्टेबल सचिन कुमार शामिल रहे।




