Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
यूपीलोकल न्यूज़

सिरसागंज में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 44 शिकायतें प्राप्त, 5 का मौके पर निस्तारण

सिरसागंज में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 44 शिकायतें प्राप्त, 5 का मौके पर निस्तारण

फिरोजाबाद, 18 अप्रैल। तहसील सिरसागंज में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान भूमि विवाद, अवैध कब्जा, बिजली आपूर्ति और आपराधिक धमकियों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं, जिन पर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्राम अकबरपुर सराय निवासी चंद्रपाल सिंह ने खेत के सहारे स्थित चकरोड पर पड़ोसी काश्तकारों द्वारा अवैध कब्जे की शिकायत की। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने लेखपाल और संबंधित अधिकारियों को संयुक्त रूप से पैमाइश कर चकरोड को कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए।
ग्राम नगला धीर निवासी अजय कुमार ने अपने पिता और भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु तथा 11 बीघा जमीन का फर्जी बैनामा कराने का आरोप लगाया। साथ ही जान-माल के खतरे और नामजद व्यक्तियों द्वारा हत्या की धमकी की शिकायत भी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने क्षेत्राधिकारी को सख्त जांच के निर्देश दिए।
ग्राम शेरपुर अफजलपुर निवासी रघुवीर सिंह ने गाटा संख्या 754 की सरकारी चकरोड को दबंगों द्वारा काटकर खेत में मिलाने की शिकायत की, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। इस पर राजस्व टीम को तत्काल पैमाइश के आदेश दिए गए।
ग्राम फुटआमई निवासी शिशुपाल सिंह ने बताया कि आंधी के कारण 11 हजार केवी लाइन पिछले 8 दिनों से खराब है, जिससे मक्का की फसल सूख रही है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने एसडीओ और जेई हाइडल को तत्काल जांच कर आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए।
ग्राम किठौत निवासी सर्वेश कुमारी ने बिना सरकारी बंटवारे के सह-खातेदार द्वारा जमीन पर अवैध निर्माण की शिकायत की, जिस पर तहसीलदार को निर्माण कार्य रुकवाने के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में कुल 44 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम मदन राम, उपजिलाधिकारी सिरसागंज, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडे सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!