अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्य स्मृति पर ‘एक वृक्ष गौ माता के नाम’ अभियान
यमुना किनारे नवनिर्मित गौशाला में हुआ वृहद वृक्षारोपण, डीएम संतोष कुमार शर्मा, विधायक मनीष असीजा और महापौर कामिनी राठौर ने किया गौ पूजन

अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्य स्मृति पर ‘एक वृक्ष गौ माता के नाम’ अभियान

यमुना किनारे नवनिर्मित गौशाला में हुआ वृहद वृक्षारोपण, डीएम संतोष कुमार शर्मा, विधायक मनीष असीजा और महापौर कामिनी राठौर ने किया गौ पूजन
फिरोजाबाद। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्य स्मृति दिवस के अवसर पर रविवार को यमुना किनारे स्थित नवनिर्मित गौशाला में ‘एक वृक्ष गौ माता के नाम’ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गौ पूजन के साथ अतिथियों ने पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण और गौ सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, विधायक मनीष असीजा, महापौर कामिनी राठौर तथा उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए उन्हें सरल व्यक्तित्व, सच्चे देशभक्त और चिंतक के रूप में याद किया। उन्होंने कहा कि गौ माता के नाम पर वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि गौ सेवा के कार्यों में सामाजिक संस्थाओं और संपन्न लोगों को आगे बढ़कर सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गौ सेवा को मिशन के रूप में आगे बढ़ा रही है और गौशालाओं को गौ उत्पादों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। डीएम ने सभी गौशालाओं में योजनाबद्ध तरीके से वृक्षारोपण कराने का सुझाव भी दिया।
विधायक मनीष असीजा ने कहा कि गौ सेवा सनातन संस्कृति का महत्वपूर्ण आधार है। गौ उत्पाद जीवन के लिए उपयोगी हैं और गौ माता के संरक्षण के साथ वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से इस गौशाला परिसर को हरा-भरा और रमणीक स्थान बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें उत्कृष्ट राजनीतिज्ञ और देश का सच्चा सपूत बताया।
महापौर कामिनी राठौर ने अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी प्रसिद्ध कविता की पंक्तियां सुनाईं— “हार नहीं मानूंगा, रार नहीं ठानूंगा…” उन्होंने कहा कि गौ माता के संरक्षण के साथ अधिक से अधिक पौधे लगाना वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहद जरूरी है।
उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने कहा कि गौशाला के निर्माण से क्षेत्र का विकास हुआ है और इसे हरा-भरा बनाकर रमणीक स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने वृक्षारोपण के साथ पौधों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही।

वरिष्ठ अधिवक्ता अनूपचंद जैन ने कहा कि वर्तमान समय में वृक्षारोपण अभियान पर्यावरण संरक्षण की बड़ी आवश्यकता है और गौशाला परिसर में गौ माता के नाम पर पौधरोपण का महत्व और बढ़ जाता है।
कार्यक्रम में भगवान दास शंखवार, सुनील शर्मा, द्विजेंद्र मोहन शर्मा, प्रमोद बघेल, राकेश शर्मा सहित अन्य लोगों ने भी विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर विष्णु बंसल एडवोकेट, राकेश तिवारी प्रकाश, चंद गुप्ता, पुरुषोत्तम शर्मा, ओमप्रकाश वार्ष्णेय, राकेश नवरंग, कन्हैया तिवारी, हरिओम वर्मा, पार्षद प्रमोद राजोरिया, पार्षद हरिनिवास शर्मा, गुड्डा पहलवान, रामप्रसाद बघेल, देश दीपक यादव, राजीव शर्मा, रेंजर अविनाश सिंह, अश्विनी मोहन सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन सत्यवीर गुप्ता ने किया। गौशाला परिवार की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह के रूप में गौ माता की प्रतिमा भेंट की गई। संस्था के अध्यक्ष विष्णु बंसल ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में गौशाला से जुड़े भक्तों को भी सम्मानित किया गया।
Pink City Times | PCT News




