Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
क्राइमयूपीराज्यलोकल न्यूज़

जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर, डीएम ने प्रगतिशील किसानों से किया सीधा संवाद

आत्मा (ATMA) गवर्निंग बोर्ड की बैठक में किसानों ने साझा किए अनुभव, आधुनिक तकनीक और टिकाऊ खेती अपनाने का आह्वान

जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर, डीएम ने प्रगतिशील किसानों से किया सीधा संवाद

आत्मा (ATMA) गवर्निंग बोर्ड की बैठक में किसानों ने साझा किए अनुभव, आधुनिक तकनीक और टिकाऊ खेती अपनाने का आह्वान

फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आत्मा (एग्रीकल्चर टेक्नोलॉजी मैनेजमेंट एजेंसी) गवर्निंग बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रगतिशील किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जैविक एवं उन्नत खेती के अपने अनुभव साझा किए।

बैठक के दौरान कृषक मीरा देवी ने बताया कि रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर जैविक खेती अपनाने से गेहूं की फसल की गुणवत्ता में सुधार हुआ है और उन्हें बेहतर आर्थिक लाभ मिल रहा है।

वहीं प्रगतिशील किसान रघुवीर सिंह ने कहा कि जैविक खेती के साथ कृषि उत्पादों का प्रसंस्करण कर वह हल्दी का अचार और गन्ने का सिरका जैसे मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले केवल पारंपरिक खेती से सीमित आय होती थी, लेकिन अब जैविक खेती और प्रसंस्करण के जरिए परिवार की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

बैठक में उपनिदेशक कृषि सत्येंद्र सिंह ने आत्मा (ATMA) की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि यह संस्था कृषि, उद्यान, पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभाग की नवीनतम तकनीकों, प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं को किसानों तक पहुंचाने का कार्य करती है। इसके माध्यम से किसानों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है, जिससे किसानों की आय बढ़ाने और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने में सहायता मिलती है।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि जनपद में जैविक खेती को और अधिक प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक किसान इस दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, नए अनुसंधानों और सरकारी योजनाओं से लगातार जोड़ा जाए। साथ ही प्रगतिशील किसानों की सफल खेती के मॉडल का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अन्य किसान भी प्रेरित होकर उन्नत खेती अपनाएं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) कल्पना जायसवाल, उपनिदेशक कृषि सत्येंद्र सिंह, जिला कृषि अधिकारी सुमित चौहान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

स्रोत: जिला सूचना कार्यालय, फिरोजाबाद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!