फिरोजाबाद: कपड़ों में छिपे कोबरा ने युवक को डसा, परिजन सांप को डिब्बे में बंद कर ट्रॉमा सेंटर पहुंचे
बसई मोहम्मदपुर के शंकरपुर गांव की घटना, इलाज के दौरान ट्रॉमा सेंटर में कोबरा को देखकर लोग रह गए हैरान, युवक की हालत खतरे से बाहर।


फिरोजाबाद: कपड़ों में छिपे कोबरा ने युवक को डसा, परिजन सांप को डिब्बे में बंद कर ट्रॉमा सेंटर पहुंचे

बसई मोहम्मदपुर के शंकरपुर गांव की घटना, इलाज के दौरान ट्रॉमा सेंटर में कोबरा को देखकर लोग रह गए हैरान, युवक की हालत खतरे से बाहर।

फिरोजाबाद। जनपद के थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र के गांव शंकरपुर में बुधवार सुबह एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। गांव निवासी रामनिवास सुबह नींद से उठने के बाद खूंटी पर टंगे कपड़े पहनने लगे। जैसे ही उन्होंने कपड़े उठाए, उनमें पहले से छिपा बैठा एक जहरीला कोबरा सांप बाहर निकला और उनकी उंगली पर डस लिया।

सांप के डसते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने साहस दिखाते हुए कोबरा को पकड़कर प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर दिया और घायल रामनिवास को तत्काल उपचार के लिए जिला ट्रॉमा सेंटर ले गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि परिजन मरीज के साथ उसी डिब्बे में बंद कोबरा सांप को भी अस्पताल लेकर पहुंचे। ट्रॉमा सेंटर में जैसे ही लोगों ने डिब्बे के अंदर जिंदा कोबरा देखा, वहां मौजूद मरीजों और तीमारदारों में कौतूहल और हैरानी फैल गई।
डॉक्टरों ने रामनिवास का तत्काल उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं।
इसी दौरान घायल के साथ आया एक व्यक्ति डिब्बे में बंद कोबरा के साथ खिलवाड़ करने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे ऐसा करने से रोका और डिब्बा उसके हाथ से लेकर सुरक्षित स्थान पर भिजवा दिया, ताकि सांप को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कोबरा रात के समय कपड़ों में छिपकर बैठ गया था, जिससे सुबह यह हादसा हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।




