मोहर्रम से पहले सिरसागंज में डीएम-एसएसपी का पैदल मार्च, ताजिया रूट का किया निरीक्षण
सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश; लोगों से अफवाहों से बचने और सौहार्द बनाए रखने की अपील

मोहर्रम से पहले सिरसागंज में डीएम-एसएसपी का पैदल मार्च, ताजिया रूट का किया निरीक्षण
सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश; लोगों से अफवाहों से बचने और सौहार्द बनाए रखने की अपील
फिरोजाबाद।
आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलाधिकारी फिरोजाबाद और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने सिरसागंज क्षेत्र में पैदल गश्त कर ताजिया रूट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने क्षेत्राधिकारी सिरसागंज के साथ थाना सिरसागंज क्षेत्र में ताजिया जुलूस के निर्धारित मार्गों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संवेदनशील स्थलों, बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि मोहर्रम के दौरान ताजिया जुलूस के प्रत्येक मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही हर गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखी जाएगी ताकि पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
पैदल गश्त के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, ताजिया कमेटियों और गणमान्य लोगों से भी संवाद किया। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखने, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
फिरोजाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।




