थाना समाधान दिवस में डीएम और एसएसपी ने सुनीं जन समस्याएं
भूमि विवाद और अवैध कब्जों से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

थाना समाधान दिवस में डीएम और एसएसपी ने सुनीं जन समस्याएं
भूमि विवाद और अवैध कब्जों से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जन शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को थाना नसीरपुर में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने स्वयं उपस्थित रहकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
समाधान दिवस में राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित कई शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश मामले भूमि विवाद एवं अवैध कब्जों से जुड़े रहे। ग्राम गुढ़ा निवासी रामश्री पत्नी रामप्रकाश ने प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की कि विपक्षीगण उनके बैनामाशुदा मकान पर बाउंड्रीवाल निर्माण में अवैध रूप से बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सिरसागंज एवं थाना प्रभारी नसीरपुर को संयुक्त टीम गठित कर मौके पर पैमाइश कराने तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने राजस्व कर्मियों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जमीन संबंधी पुराने विवादों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करे। शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहकर धरातल पर दिखाई देना चाहिए, जिससे पीड़ितों को वास्तविक न्याय मिल सके और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।
वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि दबंगई करने वाले एवं शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। यदि कोई व्यक्ति वैध निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न करता है या धमकी देता है तो उसके विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
समाधान दिवस के दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष लंबित प्रकरणों के लिए समय सीमा निर्धारित की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




