फिरोजाबाद में नाली निर्माण की खुली पोल, महापौर कामिनी राठौर ने मौके पर पहुंचकर पकड़ी घटिया सामग्री
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद कन्हैया नगर पहुंचीं महापौर, निरीक्षण में उखड़ गई नाली
फिरोजाबाद में नाली निर्माण की खुली पोल, महापौर कामिनी राठौर ने मौके पर पहुंचकर पकड़ी घटिया सामग्री

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद कन्हैया नगर पहुंचीं महापौर, निरीक्षण में उखड़ गई नाली

फिरोजाबाद
नगर निगम फिरोजाबाद के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। वार्ड नंबर 19 के कन्हैया नगर गली नंबर 19 में कराए जा रहे नाली निर्माण कार्य में घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और स्थानीय लोगों द्वारा विरोध जताने के बाद महापौर कामिनी राठौर खुद मौके पर निरीक्षण करने पहुंचीं।
गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे महापौर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण के दौरान जब उन्होंने नाली निर्माण को उखाड़कर देखा तो निर्माण बेहद आसानी से टूटकर उखड़ गया। यह देखकर महापौर नाराज हो गईं और मौके पर मौजूद ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 10 दिन पहले इस निर्माण कार्य को शुरू कराया गया था, लेकिन शुरुआत से ही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे थे। लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था, जिसके बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आया।
महापौर कामिनी राठौर ने साफ कहा कि जनता के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
इस पूरे मामले के बाद नगर निगम के निर्माण कार्यों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। शहर में कई निर्माण कार्य बिना मानक सूचना बोर्ड के कराए जा रहे हैं, जिससे लोगों को निर्माण लागत, सामग्री और कार्य अवधि जैसी जरूरी जानकारी नहीं मिल पाती। ऐसे में पारदर्शिता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल कन्हैया नगर का यह मामला फिरोजाबाद नगर निगम के विकास कार्यों की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली पर बड़ा सवालिया निशान बन गया है।




