मैनपुरी में पुलिस पर घूस मांगने का आरोप, ढाबा संचालक ने एसपी से की शिकायत

ढाबा चलाना है तो हर महीने पैसे दो” कोतवाल व सिपाहियों पर गंभीर आरोप, जांच के आदेश

मैनपुरी:
जनपद मैनपुरी से पुलिस के कथित दबंगई का मामला सामने आया है। कुरावली कोतवाली में तैनात कोतवाल और उनके कारखास सिपाहियों पर एक ढाबा संचालक से घूस मांगने के आरोप लगे हैं। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक (एसपी) से शिकायत की है, जिस पर जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
कुरावली थाना क्षेत्र के गांव नानामऊ निवासी विशाल मिश्रा ने बताया कि वह नेशनल हाईवे किनारे अपने गांव के सामने ढाबा संचालित करते हैं। उनका आरोप है कि कोतवाल ललित भाटी और सिपाही लकी व प्रवीन आए दिन उनके ढाबे पर पहुंचकर दबाव बनाते हैं। ढाबे की पार्किंग में खड़े वाहनों की फोटो खींची जाती है और वाहन चालकों को चालान की धमकी देकर वहां रुकने से मना किया जाता है।
पीड़ित का यह भी कहना है कि पुलिसकर्मी खुले तौर पर कहते हैं कि यदि ढाबा चलाना है तो हर महीने पैसे देने होंगे। विरोध करने पर जेल भेजने की धमकी दी जाती है।
पर्यटन मंत्री से भी की शिकायत
विशाल मिश्रा ने बताया कि वह इस मामले की शिकायत प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह से भी कर चुके हैं। इसके बावजूद संबंधित पुलिसकर्मी कथित तौर पर उन्हें धमका रहे हैं और कह रहे हैं कि “देखते हैं तुम क्या कर लोगे।”
क्या बोले एसपी मैनपुरी
एसपी मैनपुरी गणेश प्रसाद साहा ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था। यदि पीड़ित द्वारा शिकायत दी गई है तो जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली कुरावली, मैनपुरी।
मोहित गुप्ता, ब्यूरो चीफ मैनपुरी




