क्राइमयूपी

फिरोजाबाद: मुठभेड़ में भैंस चोरी गैंग के 7 बदमाश गिरफ्तार, 3 को लगी गोली

फिरोजाबाद: मुठभेड़ में भैंस चोरी गैंग के 7 बदमाश गिरफ्तार, 3 को लगी गोली


फिरोजाबाद के थाना एका क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अन्तरजनपदीय भैंस चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान गैंग के 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 3 बदमाशों के पैर में गोली लगी है।
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपियों की पहचान सलीम उर्फ धूमी, कल्लू उर्फ करुआ और जुम्मन खां के रूप में हुई है, जबकि शहजाद, अफसर, फैजल और राहुल को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी भैंस चोरी के मामले में वांछित चल रहे थे।
घटना की शुरुआत 3 अप्रैल 2026 को हुई थी, जब एक व्यक्ति ने थाना एका में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके घर के बाहर बंधी भैंस को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। इस पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया।
5 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नगला धारू और झालगोपालपुर पुल के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध मैक्स पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी भागने लगे। वाहन कच्चे रास्ते में फंस गया, जिसके बाद बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाश घायल हो गए और बाकी को मौके से पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 अवैध तमंचे, 6 जिंदा कारतूस, 4 खोखा कारतूस, 14 हजार रुपये नकद, एक भैंस, एक उसका बच्चा (लवारा) और घटना में प्रयुक्त मैक्स पिकअप बरामद की है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रात के समय ग्रामीण इलाकों में भैंस चोरी कर उन्हें मैक्स पिकअप से ले जाकर कट्टी घरों में बेच देते थे और पैसे आपस में बांट लेते थे।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कई शातिर अपराधी हैं। जुम्मन खां पर दो दर्जन से अधिक, जबकि सलीम और कल्लू पर करीब एक-एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
घायल आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!