देवरिया में चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम की संयुक्त कार्रवाई में ई-रिक्शा और भारी सामान बरामद
देवरिया में कोतवाली पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को गुरुवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके बाद कसया ढाले के पास माल गोदाम के पास घेराबंदी कर चारों अभियुक्तों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रशांत कुमार उर्फ सन्नी निवासी परसिया अहिर थाना कोतवाली देवरिया, बृजमोहन प्रसाद निवासी जिरासो थाना भाटपाररानी देवरिया, सुधीर सिंह उर्फ गोल्डेन निवासी लार बउली थाना लार देवरिया और रौनक शाह निवासी वार्ड नंबर 10 अंबेडकर नगर हाटा जनपद कुशीनगर शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के दो ई-रिक्शा, आठ बैटरी, चार इलेक्ट्रॉनिक मोटर, चार कंट्रोलर, सात चार्जर और 31 बैटरियां बरामद की हैं। कई बैटरियों के सीरियल नंबर खुरचे गए थे।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।




