जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, 16 नवंबर से 30 नवंबर तक चलेगी स्व-गणना प्रक्रिया
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक, कॉलेजों के प्राचार्यों और शिक्षकों को जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश

जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, 16 नवंबर से 30 नवंबर तक चलेगी स्व-गणना प्रक्रिया
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक, कॉलेजों के प्राचार्यों और शिक्षकों को जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
फिरोजाबाद। जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना कार्य और उसकी प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने की। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कल्पना जायसवाल सहित जनपद के इंटर कॉलेजों और डिग्री कॉलेजों के प्राचार्य एवं प्राध्यापक उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 के अंतर्गत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना प्रक्रिया प्रस्तावित है। उन्होंने शिक्षण संस्थानों के अधिकारियों और शिक्षकों को इस प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षाविदों को स्व-गणना करने की शपथ दिलाई गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि कॉलेजों के विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के माध्यम से जनगणना-2027 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि आम नागरिकों को स्व-गणना की प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जा सके और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो।
बैठक में जनगणना फॉर्म भरने की प्रक्रिया, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यमों के उपयोग और इससे जुड़े तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने नागरिकों को स्व-गणना की प्रक्रिया सरल तरीके से समझाने और निर्धारित समयावधि में इसे पूरा कराने पर जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि ऑनलाइन फॉर्म भरने की सुविधा के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। फॉर्म प्रक्रिया पूरी होने के बाद जनरेट होने वाली एसीआईडी (ACID) को सुरक्षित रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया, ताकि आगे की प्रक्रिया में इसका उपयोग किया जा सके।
प्रशासन ने महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं और उनके परिजनों से जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। अधिकारियों के अनुसार, स्व-गणना प्रक्रिया को समय से पूरा करने में नागरिकों का सहयोग प्रशासनिक कार्यों को अधिक सुगम बनाने में सहायक होगा।




