कलेक्ट्रेट परिसर के समीप शुरू हुई ‘धन्वन्तरि वाटिका’, औषधीय पौधों से आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल
आयुर्वेद दिवस और सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने किया शुभारंभ, पौधों के औषधीय गुणों की जानकारी भी होगी प्रदर्शित

कलेक्ट्रेट परिसर के समीप शुरू हुई ‘धन्वन्तरि वाटिका’, औषधीय पौधों से आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल
आयुर्वेद दिवस और सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने किया शुभारंभ, पौधों के औषधीय गुणों की जानकारी भी होगी प्रदर्शित
फिरोजाबाद। आयुर्वेद दिवस और सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर के समीप ‘धन्वन्तरि वाटिका’ का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अपर जिलाधिकारी वि.रा. कल्पना जायसवाल के साथ वाटिका का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को औषधीय गुणों वाली वनस्पतियों से परिचित कराना और आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। वाटिका में विभिन्न प्रकार के औषधीय पेड़, पौधे और वनस्पतियां अलग-अलग सेक्टर में लगाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि वाटिका में लगाए जाने वाले प्रत्येक पौधे के नाम और उसके औषधीय गुणों की जानकारी डिस्प्ले की जाएगी, जिससे कलेक्ट्रेट आने वाले नागरिक पौधों की आसानी से पहचान कर उनके बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट परिसर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ जनसामान्य में आयुर्वेद और औषधीय पौधों के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। वाटिका में एलोवेरा, तुलसी सहित विभिन्न प्रमुख औषधीय पौधों के लिए अलग-अलग विशेष जोन बनाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि भारतीय परंपरा और आयुर्वेद में औषधीय वनस्पतियों का विशेष महत्व रहा है। ‘धन्वन्तरि वाटिका’ के माध्यम से लोगों को इन पौधों की उपयोगिता और महत्व के प्रति सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है। वाटिका में लगाए गए पौधों का नियमित अनुरक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा।




