दर्जी गली मारपीट कांड में पुलिस का एक्शन, मुख्य आरोपी रामौतार गिरफ्तार
लोहे की रॉड, सरिया और लाठी-डंडों से युवक पर किया था जानलेवा हमला, पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबोचा

दर्जी गली मारपीट कांड में पुलिस का एक्शन, मुख्य आरोपी रामौतार गिरफ्तार
लोहे की रॉड, सरिया और लाठी-डंडों से युवक पर किया था जानलेवा हमला, पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबोचा
फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र की चर्चित दर्जी गली मारपीट घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक पर लोहे की रॉड, सरिया और लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार 27 मई 2026 को पीड़ित द्वारा थाना शिकोहाबाद में तहरीर देकर बताया गया था कि 26 मई की शाम करीब 6:30 बजे दर्जी गली स्थित मुकेश चश्मे वाले की दुकान के पास नामजद आरोपियों एवं उनके साथियों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने लोहे की रॉड, सरिया और लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाईं तथा जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले में थाना शिकोहाबाद पर मुकदमा संख्या 395/2026 के तहत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
इसी क्रम में शुक्रवार को थाना शिकोहाबाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मोहल्ला कटरामीरा चौक के पास से वांछित आरोपी रामौतार पुत्र कैलाशचंद्र निवासी कटरामीरा बाल्मीकि बस्ती, शिकोहाबाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार, उपनिरीक्षक मनमोहन शर्मा, उपनिरीक्षक सौरभ कुमार एवं कांस्टेबल अभिषेक पंवार शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।




