E-Paperhttps://pctnews.live/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifक्राइमयूपीराज्यलोकल न्यूज़

राष्ट्रीय लोक अदालत में 1.84 लाख वादों का निस्तारण, 15.42 करोड़ रुपये से अधिक की अर्थदण्ड व समझौता राशि

फिरोजाबाद में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में 1,84,298 मामलों का हुआ समाधान, राजस्व न्यायालयों और अन्य विभागों में भी बड़ी संख्या में वाद निस्तारित

राष्ट्रीय लोक अदालत में 1.84 लाख वादों का निस्तारण, 15.42 करोड़ रुपये से अधिक की अर्थदण्ड व समझौता राशि

फिरोजाबाद में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में 1,84,298 मामलों का हुआ समाधान, राजस्व न्यायालयों और अन्य विभागों में भी बड़ी संख्या में वाद निस्तारित

 

फिरोजाबाद। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशन में शनिवार, 12 सितंबर 2026 को जनपद न्यायालय, फिरोजाबाद में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. बब्बू सारंग ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

 

राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 1,84,298 वादों का निस्तारण किया गया। इन मामलों में अर्थदण्ड एवं समझौता राशि के रूप में कुल 15,42,23,508 रुपये की धनराशि निर्धारित हुई।

न्यायिक अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों की रही मौजूदगी

 

कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय अरविन्द कुमार सिंह, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) के पीठासीन अधिकारी महेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांगेह, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) कल्पना जायसवाल, पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सहित न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

लोक अदालत से मिलता है सरल और त्वरित न्याय

 

जनपद न्यायाधीश डॉ. बब्बू सारंग ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत न्याय व्यवस्था को आमजन के करीब लाने का प्रभावी माध्यम है। इसमें मामलों का निस्तारण आपसी सहमति और समझौते के आधार पर सरल, त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से किया जाता है। उन्होंने कहा कि लोक अदालत पक्षकारों के बीच संवाद और आपसी समझ को बढ़ावा देकर विवादों के व्यावहारिक समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

 

उन्होंने कहा कि न्यायपालिका का उद्देश्य केवल वादों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि समाज में शांति, सद्भाव और आपसी समरसता बनाए रखना भी है। लोक अदालत से पक्षकारों के समय और धन की बचत होती है तथा उनके आपसी संबंध भी सुरक्षित रहते हैं।

परिवार और मोटर दुर्घटना मामलों का भी हुआ निस्तारण

 

प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय अरविन्द कुमार सिंह ने लोक अदालत को पारिवारिक विवादों के समाधान का प्रभावी मंच बताया। वहीं MACT के पीठासीन अधिकारी महेन्द्र सिंह ने कहा कि मोटर दुर्घटना दावा मामलों का समझौते के आधार पर त्वरित निस्तारण होने से पीड़ित पक्षकारों को शीघ्र राहत मिलती है।

 

परिवार न्यायालय में 116 वाद तथा मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण में 64 वादों का निस्तारण किया गया। MACT मामलों में कुल 4,54,60,000 रुपये की समझौता राशि निर्धारित की गई।

 

राजस्व न्यायालयों में 48,714 वाद निस्तारित

 

राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान राजस्व न्यायालयों द्वारा कुल 48,714 वादों का निस्तारण किया गया। वहीं बैंक संबंधी मामलों में वसूली योग्य 1,909 वादों का निस्तारण करते हुए कुल 10,17,00,000 रुपये की धनराशि का सेटलमेंट किया गया।

 

इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों द्वारा 1,22,587 वादों का निस्तारण किया गया।

 

न्यायिक अधिकारियों ने भी बड़ी संख्या में मामलों का किया निस्तारण

 

जनपद न्यायालय के विभिन्न न्यायिक अधिकारियों द्वारा भी लोक अदालत में मामलों का निस्तारण किया गया। जनपद न्यायाधीश डॉ. बब्बू सारंग ने 09 वाद, स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट मुमताज अली ने 02, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट संख्या-02 अर्चना गुप्ता ने 04, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट संख्या-08 रमेश चन्द्र ने 01, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पॉक्सो कोर्ट-2 संदीप कुमार सिंह ने 01, पॉक्सो कोर्ट-3 के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश निर्दोष कुमार ने 02, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट संख्या-07 श्याम बाबू ने 05, एफटीसी कोर्ट संख्या-1 के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश देव दत्त ने 03 तथा एफटीसी कोर्ट संख्या-2 के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विमल वर्मा ने 09 वादों का निस्तारण किया।

 

मजिस्ट्रेट न्यायालयों में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विजय कुमार वर्मा ने 4,463 वाद, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रियंका शर्मा ने 2,483 वाद, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शिकोहाबाद श्रद्धा देवा ने 1,176 वाद, अपर सिविल जज (सी.डि.) अंकुर चौधरी ने 194, सिविल जज सी.डि./एफटीसी सौम्या भारद्वाज ने 244, ग्राम न्यायालय जसराना के न्यायाधीश पुनीत मोहन दास ने 220 तथा अन्य न्यायिक अधिकारियों ने भी विभिन्न मामलों का निस्तारण किया।

जनसामान्य से लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील

 

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन को सुलभ एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने लोगों से लोक अदालत के माध्यम से अपने विवादों का आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में समाधान कराने की अपील की।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांगेह ने भी लोक अदालत को विवादों के शांतिपूर्ण समाधान का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से आमजन का न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत होता है।

 

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव योगेश शिवा ने बताया कि लोक अदालत का उद्देश्य मामलों का आपसी समझौते के आधार पर त्वरित, सुलभ एवं निःशुल्क निस्तारण करना है। उन्होंने बताया कि लोक अदालत में पारिवारिक विवाद, बैंक ऋण, मोटर दुर्घटना दावा, विद्युत एवं जल बिल सहित विभिन्न प्रकार के मामलों का निस्तारण किया गया।

 

कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी एवं अपर जिला न्यायाधीश देव दत्त ने सभी न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और उपस्थित गणमान्य लोगों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!