यूपीराज्यलोकल न्यूज़

आउटसोर्स कर्मचारियों के हित में योगी सरकार का बड़ा फैसला, अब 1 से 5 तारीख के बीच मिलेगा मानदेय

फिरोजाबाद के पालीवाल हॉल में हुआ कार्यक्रम, विधायक मनीष असीजा और जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने नई व्यवस्था की दी जानकारी

आउटसोर्स कर्मचारियों के हित में योगी सरकार का बड़ा फैसला, अब 1 से 5 तारीख के बीच मिलेगा मानदेय

फिरोजाबाद के पालीवाल हॉल में हुआ कार्यक्रम, विधायक मनीष असीजा और जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने नई व्यवस्था की दी जानकारी

फिरोजाबाद, 02 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के आउटसोर्स कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित और बेहतर बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर फिरोजाबाद के पालीवाल हॉल में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री के लखनऊ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया।

कार्यक्रम में सदर विधायक मनीष असीजा, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य और नगर आयुक्त प्रशांत नागर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जनपद के विभिन्न विभागों में कार्यरत बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारियों ने कार्यक्रम में उत्साह के साथ भाग लिया।

हर माह 1 से 5 तारीख के बीच होगा मानदेय का भुगतान

नई व्यवस्था के तहत आउटसोर्स कर्मचारियों को प्रत्येक माह 1 से 5 तारीख के बीच मानदेय का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। नए और पुराने सभी कर्मचारियों के ईपीएफ और ईएसआई खाते अनिवार्य रूप से खोले जाएंगे तथा मानदेय सीधे उनके बैंक खातों में भेजा जाएगा।

इसके अलावा मनमाने और असमान कमीशन की व्यवस्था को समाप्त कर एकीकृत एवं पारदर्शी व्यवस्था लागू की जाएगी। एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए नियमों के अनुसार आरक्षण का भी पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

बिना अनुमति कर्मचारी को नहीं हटाया जा सकेगा

नई व्यवस्था में कोई भी सेवा प्रदाता एजेंसी विभाग और यूपीसीओएस की सहमति के बिना किसी आउटसोर्स कर्मचारी को हटाने की कार्रवाई नहीं कर सकेगी। प्रत्येक कर्मचारी का यूपीसीओएस में माइग्रेशन किया जाएगा और उसे यूनिक कोड तथा पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाएगा।

कर्मचारियों की कार्यक्षमता और दक्षता बढ़ाने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। शिकायतों के समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था तैयार की जाएगी।

चार श्रेणियों में निर्धारित होगा न्यूनतम मानदेय

सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि सरकार का यह निर्णय आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों को चार श्रेणियों में बांटकर न्यूनतम मानदेय निर्धारित किया गया है।

श्रेणी-1: एमबीबीएस, बीटेक, एमकॉम जैसे हाईली स्किल्ड कर्मचारी — 40,000 रुपये न्यूनतम मानदेय।

श्रेणी-2: स्किल्ड एवं तकनीकी कर्मचारी — 25,000 रुपये न्यूनतम मानदेय।

श्रेणी-3: ड्राइवर, इलेक्ट्रीशियन, पैरामेडिकल आदि सेमी-स्किल्ड कर्मचारी — 22,000 रुपये न्यूनतम मानदेय।

श्रेणी-4: सफाई कर्मचारी, चौकीदार, लिफ्ट ऑपरेटर सहित सपोर्ट स्टाफ — 20,000 रुपये न्यूनतम मानदेय।

उत्पीड़न की शिकायतों का होगा प्रभावी निस्तारण

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि आउटसोर्स सेवा निगम के गठन से प्रदेश के सरकारी विभागों में आउटसोर्स कर्मचारियों की व्यवस्था में एकरूपता आएगी। मानदेय और सुविधाओं को लेकर होने वाली विसंगतियों और विवादों को भी कम करने में यह व्यवस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि यदि किसी सेवा प्रदाता संस्था द्वारा आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ उत्पीड़न किया जाता है तो शिकायतों के निवारण के लिए प्रभावी व्यवस्था के माध्यम से कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

आउटसोर्स कर्मचारियों को प्रमाण पत्र और किट देकर किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड के लाभार्थियों विकास कुमार, हर्षवर्धन, सिंटू कुमार, अब्दुल रहीम, सचिन कुमार और संतोष कुमार को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

वहीं नगर निगम के आउटसोर्स कर्मचारियों आकाश, रवि, पंकज, राजन और रोहित सहित अन्य कर्मचारियों को किट वितरित कर सम्मानित किया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा और नई व्यवस्था से जुड़ी घोषणाओं की जानकारी प्राप्त की।

PCT News | फिरोजाबाद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!