फिरोजाबाद में जिला जनगणना हस्त पुस्तिका कार्य हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण सम्पन्न
31 दिसंबर 2025 को संदर्भ तिथि मानकर होगा डेटा संकलन, अधिकारियों को समयबद्ध एवं शुद्ध कार्य करने के निर्देश

फिरोजाबाद में जिला जनगणना हस्त पुस्तिका कार्य हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण सम्पन्न
31 दिसंबर 2025 को संदर्भ तिथि मानकर होगा डेटा संकलन, अधिकारियों को समयबद्ध एवं शुद्ध कार्य करने के निर्देश
फिरोजाबाद। जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (डीसीएचबी) के सफल क्रियान्वयन के उद्देश्य से सोमवार को जिला स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी कल्पना जायसवाल ने की।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का अत्यंत महत्वपूर्ण और समयबद्ध कार्य है। जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के निर्माण में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका अहम है। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का गहन अध्ययन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य को पूर्ण शुद्धता, गुणवत्ता और गंभीरता के साथ संपन्न करें।
उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य की सफलता की आधारशिला प्रशिक्षण होता है। प्रशिक्षण से नवीन प्रक्रियाओं और तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्राप्त होती है, इसलिए सभी प्रतिभागी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और उत्तरदायित्व के साथ करें।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना निदेशालय, लखनऊ से आए सहायक निदेशक गोविंद सोनी तथा फिरोजाबाद के जनगणना प्रभारी सनी कुमार राय ने जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के संकलन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके लिए 31 दिसंबर 2025 को संदर्भ तिथि निर्धारित की गई है, जबकि कार्य की अवधि 16 अगस्त 2027 से 15 सितंबर 2027 तक रहेगी।
उन्होंने बताया कि जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के संकलन के लिए तहसीलों से लेखपाल तथा नगर निकायों से कर निरीक्षकों को क्षेत्रीय पदाधिकारी बनाया जाएगा। ये अधिकारी डीसीएचबी ऐप और पोर्टल के माध्यम से ग्रामवार एवं नगरवार आंकड़ों का संकलन और प्रविष्टि करेंगे।
प्रशिक्षण में जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के विभिन्न अध्यायों के संकलन, आंकड़ों के स्रोत, डेटा संग्रहण की प्रक्रिया, अभिलेखों के सत्यापन तथा समयबद्ध कार्य निष्पादन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सभी उप जिला जनगणना अधिकारी, तहसीलदार, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी (चार्ज अधिकारी), जनगणना बाबू, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, अपर जिला जनगणना अधिकारी, तकनीकी सहायक तथा जनगणना कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




