कांवड़ यात्रा को लेकर फिरोजाबाद पुलिस अलर्ट, SSP आदित्य लांग्हे ने अधिकारियों के साथ की अहम समीक्षा बैठक
यातायात, सुरक्षा, डायवर्जन प्लान और स्वयंसेवकों की तैनाती पर विशेष जोर, सभी कांवड़ मार्गों पर 24×7 मुस्तैद रहेगा पुलिस बल

कांवड़ यात्रा को लेकर फिरोजाबाद पुलिस अलर्ट, SSP आदित्य लांग्हे ने अधिकारियों के साथ की अहम समीक्षा बैठक
यातायात, सुरक्षा, डायवर्जन प्लान और स्वयंसेवकों की तैनाती पर विशेष जोर, सभी कांवड़ मार्गों पर 24×7 मुस्तैद रहेगा पुलिस बल
फिरोजाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा और सावन माह के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, समस्त क्षेत्राधिकारी तथा कांवड़ मार्ग से जुड़े सभी थाना प्रभारियों ने भाग लिया।
बैठक में एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रखी जाए तथा डायवर्जन प्लान को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
एसएसपी ने कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले गांवों से स्वयंसेवकों (वॉलंटियर्स) का चयन कर उन्हें पहचान पत्र (आई-कार्ड) उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ये स्वयंसेवक कांवड़ यात्रियों की सहायता करेंगे, किसी भी समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देंगे तथा यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में पुलिस का सहयोग करेंगे।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जनपद के सभी कांवड़ मार्गों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा। पुलिस प्रशासन 24 घंटे सतर्क रहकर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और शांतिपूर्ण यात्रा सुनिश्चित करेगा।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करें।




