पूर्वा एक्सप्रेस की चपेट में आकर आरक्षी की मौत, पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी
आसफाबाद के पास देर रात हुआ हादसा, प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका
पूर्वा एक्सप्रेस की चपेट में आकर आरक्षी की मौत, पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी
- आसफाबाद के पास देर रात हुआ हादसा, प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका
फिरोजाबाद। जनपद के थाना रसूलपुर क्षेत्र स्थित आसफाबाद के पास गुरुवार देर रात पूर्वा एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक निलंबित आरक्षी की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
मृतक की पहचान उमाशंकर भारती (31 वर्ष) पुत्र रामरतन, निवासी ग्राम जलालपुर, थाना मटसेना, जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी पद पर तैनात थे और वर्तमान में जनपद लखीमपुर खीरी में उनकी पोस्टिंग थी। परिजनों के अनुसार वह इन दिनों छुट्टी पर चल रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही थाना रसूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका सामने आई है, लेकिन घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सकेगी।




