Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
यूपीराज्यलोकल न्यूज़

फिरोजाबाद में अग्नि सुरक्षा को लेकर बड़ा अभियान, अस्पतालों, स्कूलों, होटलों और कोचिंग संस्थानों का संयुक्त निरीक्षण

लखनऊ कोचिंग अग्निकांड के बाद प्रशासन सतर्क, बेसमेंट में संचालित लाइब्रेरी/कोचिंग बंद कराने के निर्देश, जहां कमियां मिलीं उन्हें तत्काल दूर करने के आदेश

फिरोजाबाद में अग्नि सुरक्षा को लेकर बड़ा अभियान, अस्पतालों, स्कूलों, होटलों और कोचिंग संस्थानों का संयुक्त निरीक्षण

 

लखनऊ कोचिंग अग्निकांड के बाद प्रशासन सतर्क, बेसमेंट में संचालित लाइब्रेरी/कोचिंग बंद कराने के निर्देश, जहां कमियां मिलीं उन्हें तत्काल दूर करने के आदेश

फिरोजाबाद। लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग संस्थान में 22 जून 2026 को हुए भीषण अग्निकांड के बाद जनपद फिरोजाबाद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार को मुख्य अग्निशमन अधिकारी सत्येन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों तथा अग्निशमन अधिकारियों की संयुक्त टीमों ने जिले के विभिन्न अस्पतालों, स्कूलों, होटलों, कोचिंग सेंटरों और अन्य संस्थानों का व्यापक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान संस्थानों में अग्निशमन उपकरणों, फायर अलार्म, स्प्रिंकलर सिस्टम, आपातकालीन निकास और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई। जहां भी कमियां पाई गईं, वहां संस्थान संचालकों को उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बेसमेंट में संचालित कोचिंग एवं लाइब्रेरी को तत्काल बंद कराने के आदेश भी जारी किए गए।

निरीक्षण में सामने आए प्रमुख बिंदु

आगरा रोड स्थित रवि यूनिटी हॉस्पिटल, डॉ. एम.सी. अग्रवाल एंड रिसर्च सेंटर, लक्ष्मी हॉस्पिटल, टूंडला के माता जावित्री देवी चैरिटेबल हॉस्पिटल, ओम हरि हॉस्पिटल, वैष्णवी हॉस्पिटल, सिरसागंज के ऋषिनाथ मेमोरियल हॉस्पिटल तथा शिकोहाबाद के सांई बाबा नर्सिंग होम में अग्निशमन व्यवस्थाएं स्थापित एवं कार्यशील पाई गईं। संचालकों को इन्हें हमेशा सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।

ट्रॉमा सेंटर प्राइवेट लिमिटेड में अधिकांश अग्निशमन व्यवस्थाएं कार्यशील मिलीं, लेकिन द्वितीय तल के एक आईसीयू तथा तृतीय तल पर स्प्रिंकलर सिस्टम की कमी पाई गई। अस्पताल प्रबंधन को शेष व्यवस्थाएं शीघ्र स्थापित कराने के निर्देश दिए गए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनपुरा, शिकोहाबाद में अग्निशमन व्यवस्था नहीं मिलने पर तत्काल आवश्यक फायर सेफ्टी उपकरण स्थापित कराने के निर्देश जारी किए गए।

सर्वोदय लाइब्रेरी, मुस्तफाबाद रोड शिकोहाबाद के बेसमेंट में लाइब्रेरी संचालित मिलने पर प्रबंधक को बेसमेंट का संचालन तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए गए।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी सत्येन्द्र पाण्डेय ने बताया कि जनपद में संचालित सार्वजनिक संस्थानों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य किसी भी संभावित दुर्घटना से पहले सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित कराना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!