फिरोजाबाद: नसीरपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा अवैध हथियार तस्कर, तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार

फिरोजाबाद: नसीरपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा अवैध हथियार तस्कर, तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार
मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान कार्रवाई, 315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद, आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज।
फिरोजाबाद। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नसीरपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सिरसागंज के नेतृत्व में थाना नसीरपुर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कर्मवीर प्रधान की प्लाटिंग के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने सुमाइल उर्फ इश्माइल पुत्र मोहम्मद साजिद, निवासी नगला मुल्ला, थाना मटसैना, जनपद फिरोजाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर का तमंचा तथा दो जिंदा 315 बोर कारतूस बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर थाना नसीरपुर में मु.अ.सं. 148/26 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। जनपद पुलिस का अपराध और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।




