फिरोजाबाद में उत्साह के साथ मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय बोले – योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार

फिरोजाबाद में उत्साह के साथ मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय बोले – योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार
संवाददाता : PCT News, फिरोजाबाद
फिरोजाबाद। जनपद में शनिवार को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम का आयोजन पुलिस लाइन परिसर में किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का विज्ञान है। उन्होंने कहा कि योग को केवल एक दिन नहीं बल्कि वर्ष के 365 दिनों तक जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में उनके प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली और आज पूरी दुनिया 21 जून को योग दिवस के रूप में मना रही है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में योग की आवश्यकता पहले से अधिक बढ़ गई है। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” लोगों को यह संदेश देती है कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रह सकता है, बल्कि बढ़ती उम्र में भी ऊर्जावान और मानसिक रूप से संतुलित जीवन जी सकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास रहेगा कि योग का संदेश जनपद के प्रत्येक गांव और घर तक पहुंचे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। योग सत्र का संचालन क्षेत्रीय आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. शरद, मास्टर ट्रेनर पी.एस. राणा तथा प्रशिक्षक अंकित यादव, राजमाला, रमाकांत प्यारेलाल, धर्मेंद्र एवं दीपा बघेल ने किया। इस दौरान हजारों लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।




