शिकोहाबाद की आदर्श अस्थाई गौशाला पहुंचे डीएम संतोष कुमार शर्मा, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बीमार गोवंश को आइसोलेट करने, बेहतर देखभाल और गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के दिए निर्देश

शिकोहाबाद की आदर्श अस्थाई गौशाला पहुंचे डीएम संतोष कुमार शर्मा, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बीमार गोवंश को आइसोलेट करने, बेहतर देखभाल और गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के दिए निर्देश
फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को शिकोहाबाद स्थित आदर्श अस्थाई गौशाला का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोवंश के संरक्षण, स्वास्थ्य और देखभाल को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने गौशाला में मौजूद बीमार गोवंश को तत्काल अन्य पशुओं से अलग (आइसोलेट) रखने और उनकी विशेष चिकित्सकीय देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय गौशाला में कुल 46 गोवंश मौजूद मिले, जिनमें 12 नंदी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक गौशाला को मानवीय दृष्टिकोण के साथ विकसित किया जाना चाहिए। गोबर एवं अन्य अपशिष्टों के वैज्ञानिक और उपयोगी प्रबंधन के लिए कार्ययोजना तैयार कर जैविक खाद और वर्मीकंपोस्ट जैसे विकल्पों को बढ़ावा दिया जाए, जिससे गौशालाएं आत्मनिर्भर बन सकें।
जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
डीएम ने निर्देश दिए कि गौशालाओं में आम जनता की भागीदारी बढ़ाई जाए, ताकि गायों के प्रति लोगों का भावनात्मक जुड़ाव मजबूत हो और जनसहयोग के माध्यम से संरक्षण कार्यों को गति मिल सके।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि गायें भारतीय संस्कृति, गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक हैं। इनके संरक्षण और देखभाल में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने हरे चारे, स्वच्छ पेयजल, छाया और चिकित्सकीय सुविधाओं की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम बोले— गौशालाओं को आदर्श केंद्र बनाने की प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक गौशाला को एक आदर्श और संवेदनशील केंद्र के रूप में विकसित करना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गोवंश संरक्षण के साथ-साथ गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए गोबर एवं अन्य सह-उत्पादों के व्यावसायिक उपयोग पर भी कार्य किया जा रहा है, जिसमें आम जनता का सहयोग महत्वपूर्ण होगा।




