फिरोजाबाद में पुलिस की मुठभेड़, मोबाइल लुटेरा रघु पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे दो शातिर बदमाश दबोचे गए, 3 लूटे गए मोबाइल, तमंचा और बाइक बरामद

फिरोजाबाद में पुलिस की मुठभेड़, मोबाइल लुटेरा रघु पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे दो शातिर बदमाश दबोचे गए, 3 लूटे गए मोबाइल, तमंचा और बाइक बरामद
फिरोजाबाद। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना उत्तर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर मोबाइल लुटेरा गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी मोबाइल छिनैती की वारदातों में वांछित चल रहे थे।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना उत्तर क्षेत्र में मोबाइल छिनैती के मामले में वांछित दो बदमाश जलेसर रोड स्थित बच्चू बाबा स्कूल के पीछे शनिदेव मंदिर के पास किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना उत्तर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। भागने की जल्दबाजी में उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रघु उर्फ राघव पुत्र मलखान सिंह निवासी नगला विष्णु, थाना लाइनपार के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया और इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं उसका साथी राजा पुत्र राकेश निवासी नगला विष्णु को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, तीन लूटे गए मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले भी चोरी और छिनैती की कई वारदातों में जेल जा चुके हैं। रघु और राजा के खिलाफ जीआरपी और जिले के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है। पुलिस दोनों आरोपियों के अन्य आपराधिक नेटवर्क और वारदातों की भी जांच कर रही है। :::


