टूंडला में राज्यकर विभाग का व्यापारी संवाद कार्यक्रम, जीएसटी 2.0 और समाधान योजना पर दी जानकारी
व्यापारियों की समस्याएं सुनीं, त्वरित समाधान और बेहतर समन्वय का दिया भरोसा

टूंडला में राज्यकर विभाग का व्यापारी संवाद कार्यक्रम, जीएसटी 2.0 और समाधान योजना पर दी जानकारी
व्यापारियों की समस्याएं सुनीं, त्वरित समाधान और बेहतर समन्वय का दिया भरोसा
फिरोजाबाद। आयुक्त राज्य कर के निर्देशों के क्रम में राज्यकर विभाग फिरोजाबाद द्वारा टूंडला स्थित आरजे सिटी प्लाजा में व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अपर आयुक्त ग्रेड-1 इटावा एच.पी. राव दीक्षित एवं संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) रोली निगम के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
संवाद कार्यक्रम के दौरान जीएसटी पंजीयन, रिटर्न दाखिला, समाधान योजना, मुख्यमंत्री दुर्घटना बीमा योजना तथा जीएसटी 2.0 में किए गए सुधारों सहित व्यापार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
सहायक आयुक्त खंड-2 सृष्टि जैन ने व्यापारियों को जीएसटी रिटर्न दाखिल करने और रिफंड प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। वहीं सहायक आयुक्त खंड-3 राधा स्वामी मौर्य ने जीएसटी 2.0 के सुधारों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री दुर्घटना बीमा योजना का लाभ उठाने के लिए व्यापारियों को जागरूक किया। राज्यकर अधिकारी खंड-1 पुनीत द्विवेदी ने जीएसटी पंजीयन प्रक्रिया एवं नियम-14 के तहत त्वरित पंजीयन व्यवस्था की जानकारी साझा की। राज्यकर अधिकारी भावना तिवारी ने समाधान योजना के विभिन्न प्रावधानों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने अपने सुझाव और समस्याएं विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए राज्यकर विभाग ने आवश्यक कार्रवाई और उचित निराकरण का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम विभाग और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन टूंडला व्यापार मंडल के अध्यक्ष दीपक चौधरी ने किया। इस अवसर पर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अनिल मैनेजर सहित विनोद गुप्ता, सतेंद्र जैन, मुन्ना लाल अग्रवाल, प्रशांत गुप्ता, राजू लवानिया, मनीष गुप्ता, सुनील जैन, प्रदीप जैन, विनोद जैन, राजू उपाध्याय, आजाद जैन, मनोज धाकरे, नरेंद्र गुप्ता, नरेंद्र शर्मा, विवेक, सतीश, पंकज जैन, संदीप जैन समेत बड़ी संख्या में व्यापारी एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




