फिरोजाबाद में चूड़ी जुड़ाई श्रमिकों को बड़ी राहत, ईंधन भत्ता बढ़ा और मजदूरी वृद्धि 15 दिन पहले होगी लागू
जिलाधिकारी और एसएसपी की मौजूदगी में हुई अहम बैठक, हड़ताल की अफवाहों का भी हुआ खंडन

फिरोजाबाद में चूड़ी जुड़ाई श्रमिकों को बड़ी राहत, ईंधन भत्ता बढ़ा और मजदूरी वृद्धि 15 दिन पहले होगी लागू
जिलाधिकारी और एसएसपी की मौजूदगी में हुई अहम बैठक, हड़ताल की अफवाहों का भी हुआ खंडन
फिरोजाबाद, 11 जून। चूड़ी उद्योग से जुड़े हजारों श्रमिकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। एसपी सिटी कार्यालय में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे की मौजूदगी में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में चूड़ी जुड़ाई श्रमिकों के हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में श्रमिकों द्वारा उपयोग किए जाने वाले ईंधन मद में मिलने वाली राशि को बढ़ाने पर सहमति बनी। अब तक प्रति सौ तोड़ा चूड़ी जुड़ाई कार्य पर श्रमिकों को ईंधन के लिए 400 रुपये मिलते थे, जिसे बढ़ाकर 550 रुपये प्रति सौ तोड़ा कर दिया गया है। यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
इसके अलावा, शासनादेश के अनुसार श्रमिकों की मजदूरी में बढ़ोतरी 1 जुलाई से लागू होनी थी, लेकिन श्रमिकों को जल्द आर्थिक लाभ देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने दोनों पक्षों की सहमति से इसे 15 जून से ही लागू करने का फैसला किया है। इससे श्रमिकों को निर्धारित समय से 15 दिन पहले बढ़ी हुई मजदूरी का लाभ मिल सकेगा।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि श्रमिकों का हित जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उद्योग और श्रमिक एक-दूसरे के पूरक हैं और दोनों के बीच बेहतर समन्वय से ही क्षेत्र का आर्थिक विकास संभव है।
इस दौरान चूड़ी जुड़ाई श्रमिकों की प्रतिनिधि राधा देवी शंखवार ने क्षेत्र में चल रही हड़ताल संबंधी अफवाहों का खंडन करते हुए कहा कि सभी श्रमिक सामान्य रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक और स्वार्थी तत्व भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जिनका श्रमिक संगठनों से कोई संबंध नहीं है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने सभी पक्षों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। बैठक में भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों समेत श्रमिक नेताओं ने प्रशासन के फैसले का स्वागत करते हुए इसे श्रमिक हित में ऐतिहासिक कदम बताया।
बैठक में सहायक श्रमायुक्त यशवंत कुमार, उपायुक्त उद्योग संध्या, एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद, सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पाण्डेय सहित कई अधिकारी और श्रमिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।




