यूपीराज्यलोकल न्यूज़

जल जीवन मिशन की समीक्षा में डीएम सख्त, धीमी प्रगति पर एजेंसियों को चेतावनी

'दा.रा. इंजीनियर्स' को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश, लापरवाही पर एफआईआर और दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी

जल जीवन मिशन की समीक्षा में डीएम सख्त, धीमी प्रगति पर एजेंसियों को चेतावनी

‘दा.रा. इंजीनियर्स’ को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश, लापरवाही पर एफआईआर और दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी

फिरोजाबाद। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की योजना की प्रगति की समीक्षा के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन की उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने की।

समीक्षा बैठक में कार्यों की धीमी प्रगति और लापरवाही पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़ी इस महत्वपूर्ण योजना में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान ‘दा.रा. इंजीनियर्स’ और ‘एलएनटी (L&T)’ द्वारा कार्यों की गति अत्यंत धीमी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि कार्य में तत्काल सुधार नहीं होता है तो ‘दा.रा. इंजीनियर्स’ को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत शीघ्र कराई जाए। उन्होंने सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि कहीं भी ओवरहेड टैंक गिरने जैसी कोई दुर्घटना होती है तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन किसानों की भूमि में पाइपलाइन डाली जा रही है, उन्हें नियमानुसार समय पर पूरा मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। इस संबंध में किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में पानी की टंकियों के स्ट्रक्चर की तकनीकी जांच कराने तथा स्ट्रक्चर रिपोर्ट अनिवार्य रूप से तैयार कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही जल स्रोतों पर पानी की निरंतर उपलब्धता बनाए रखने के लिए एक्सईएन सिंचाई और एक्सईएन जल जीवन मिशन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जल जीवन मिशन आम जनता के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है। इसकी गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और एजेंसियों को बख्शा नहीं जाएगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अरविंद द्विवेदी, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!